AI मैनेजर ने देर से आने वाले कर्मचारी को नौकरी से निकाला
सैन फ्रांसिस्को में 'एंडोन मार्केट' नाम की एक दुकान पूरी तरह से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर चलती है। इस दुकान की AI मैनेजर लूना ने अब एक कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया है।
दरअसल, वह कर्मचारी 23 में से 17 बार अपनी शिफ्ट पर देरी से पहुंचा था और AI मैनेजर लूना इस लापरवाही को नजरअंदाज नहीं कर सकी।
एंडोन लैब्स ने 13 अगस्त को इसकी पुष्टि कर दी है कि यह AI द्वारा किसी कर्मचारी को नौकरी से निकालने का पहला मामला है।
एंडोन लैब्स के दखल के बाद लूना ने लिया फैसला
शुरुआत में लूना को याददाश्त की समस्या थी, जिस वजह से वह कर्मचारियों की हाजिरी से जुड़े नियम सही से लागू नहीं कर पा रही थी।
इसी का नतीजा था कि कर्मचारी कई महीनों तक देर से आता रहा। यह सिलसिला तब तक चलता रहा, जब तक एंडोन लैब्स के लोग खुद इस मामले में आगे नहीं आए।
उन्होंने लूना से अपने नियमों की दोबारा जांच करने और यह तय करने को कहा कि क्या यह कर्मचारी अब भी नौकरी के लिए उपयुक्त है।
लूना ने पहले तो कर्मचारी को चेतावनी देने का सुझाव दिया, लेकिन बातचीत के बाद अंत में उसने उस कर्मचारी को नौकरी से निकालने का फैसला किया।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) लूकस पीटर्सन ने कहा कि यह मामला ध्यान देने लायक है। उन्होंने यह भी बताया कि शोधकर्ताओं ने इसे अर्थव्यवस्था पर AI के प्रभाव को दिखाने वाला एक ऐतिहासिक क्षण बताया है।