LOADING...
दिल्ली-NCR में CNG के दाम फिर 2 रुपये बढ़े, 11 दिन में 7 रुपये की बढ़ोतरी

दिल्ली-NCR में CNG के दाम फिर 2 रुपये बढ़े, 11 दिन में 7 रुपये की बढ़ोतरी

लेखन गजेंद्र
May 26, 2026
08:56 am

क्या है खबर?

पश्चिमी एशिया में संघर्ष और ऊर्जा संकट के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में एक बार फिर कम्प्रेस्ड प्राकृतिक गैस (CNG) के दाम में बढ़ोतरी हो गई है। मंगलवार को 2 रुपये प्रति किलो के हिसाब से दाम बढ़ाए गए है, जिससे दिल्ली-NCR में CNG की कीमत अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। ऊर्जा कीमतों में वृद्धि के बीच 2 सप्ताह से भी कम समय में यह चौथी बढ़ोतरी है।

संकट

11 दिन में बढ़े 7 रुपये दाम

CNG की कीमत में पिछले 9 दिनों में यह तीसरी बार और 11 दिनों के भीतर चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले रविवार को CNG की कीमत में 1 रुपया प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई थी और उससे पहले शुक्रवार को दिल्ली-NCR में 1 रुपये और 15 मई को 2 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई थी। 15 मई से दिल्ली में CNG की कीमतों में कुल 7 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।

दाम

ईंधन के दामों में बढ़ोतरी जारी

सिर्फ CNG ही नहीं बल्कि पिछले 2 हफ्तों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भी बार-बार बढ़ोतरी हुई है। 25 मई को पेट्रोल में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई, जो 2 सप्ताह से भी कम समय में चौथी बढ़ोतरी है। 15 मई से अब तक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कुल 7.5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर है।

Advertisement

संकट

तेल कंपनियों और सरकार पर दबाव

केंद्र सरकार की ओर से लगातार ऊर्जा संकट को नकारा जा रहा है, लेकिन ईंधन की बढ़ती कीमतें व्यवस्था की पोल खोल रही है। सरकारी तेल विपणन कंपनियां, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL), मिलकर भारत के ईंधन खुदरा बाजार के लगभग 90 प्रतिशत हिस्से को नियंत्रित करती हैं। वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण कंपनियां और सरकार काफी दबाव में है और लोगों पर बोझ डाल रही हैं।

Advertisement