LOADING...
4 कंपनियों के पूंजीकरण में हुआ 2.2 लाख करोड़ रुपये का इजाफा
शेयर बाजार में बढ़त के कारण कंपनियों के पूंजीकरण में इजाफा हुआ

4 कंपनियों के पूंजीकरण में हुआ 2.2 लाख करोड़ रुपये का इजाफा

May 03, 2026
03:05 pm

क्या है खबर?

पिछले सप्ताह शीर्ष-10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से 4 का संयुक्त बाजार मूल्यांकन 2.2 लाख करोड़ रुपये बढ़ गया, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे बड़ी लाभ कमाने वाली कंपनी बनकर उभरी है। यह बदलाव शेयर बाजार के रुझानों के अनुरूप है। पिछले सप्ताह BSE का बेंचमार्क सेंसेक्स 249.29 अंक या 0.32 प्रतिशत चढ़ा है। दूसरी तरफ, HDFC बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) समेत 6 कंपनियों के पूंजीकरण में कुल मिलाकर 1.24 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

इजाफा 

इन कंपनियों का बढ़ा पूंजीकरण 

रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार मूल्य में 1.39 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि हुई, जिससे यह बढ़कर 19.36 लाख करोड़ रुपये हो गया, जबकि भारती एयरटेल का मूल्यांकन 43,503 करोड़ बढ़कर 11.49 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके साथ टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का बाजार मूल्यांकन 27,569 करोड़ बढ़कर 8.94 लाख करोड़ रुपये हो गया। इसके अलावा, बजाज फाइनेंस का बाजार मूल्यांकन 9,432 करोड़ बढ़कर 5.83 लाख करोड़ रुपये हो गया।

नुकसान 

6 कंपनियों को लगा झटका 

पिछले सप्ताह नुकसान झेलने वाली कंपनियों में ICICI बैंक का बाजार पूंजीकरण 45,364 करोड़ घटकर 9.04 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसी के साथ SBI की बाजार हैसियत 30,922 करोड़ घटकर 9.85 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इसके अलावा HDFC बैंक का पूंजीकरण 20,951 करोड़, हिंदुस्तान यूनिलीवर का 18,420 करोड़, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का 8,222 करोड़ और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) का 178 करोड़ रुपये घट गया है।

Advertisement