भारत में ऐपल की मजबूत पकड़, वित्त वर्ष-26 में HUL से दोगुनी हो सकती है कमाई
क्या है खबर?
भारत में ऐपल की कमाई लगातार तेजी से बढ़ रही है। कोटक म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025-26 में ऐपल इंडिया का राजस्व करीब 1.42 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। यह हिंदुस्तान यूनिलीवर के 64,468 करोड़ रुपये के मुकाबले करीब दोगुना है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में अब प्रीमियम टेक्नोलॉजी पर खर्च तेजी से बढ़ रहा है। खासकर बड़े शहरों में लोगों का रुझान महंगे डिजिटल प्रोडक्ट्स की तरफ ज्यादा दिखाई दे रहा है।
कारोबार
पांच साल में तेजी से बढ़ा कारोबार
ऐपल का कारोबार बीते पांच साल में काफी तेजी से बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी का रेवेन्यू इस दौरान 6.2 गुना बढ़ा है। साल 2021 में ऐपल इंडिया की कमाई 22,845 करोड़ रुपये थी, जो उस समय हिंदुस्तान यूनिलीवर से काफी कम थी। अब तस्वीर बदल चुकी है। कंपनी की बढ़त यह दिखा रही है कि भारत में प्रीमियम स्मार्टफोन और दूसरे महंगे टेक प्रोडक्ट्स की मांग लगातार मजबूत हो रही है।
मांग
महंगे स्मार्टफोन की मांग लगातार बढ़ी
रिपोर्ट में बताया गया है कि देश में कुल स्मार्टफोन बिक्री ज्यादा नहीं बढ़ी, लेकिन महंगे फोन की मांग तेज हुई है। 30,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले स्मार्टफोन का हिस्सा बढ़कर 26 फीसदी पहुंच गया है, जो पहले करीब 20 फीसदी था। ऐपल ने 2025 में भारत में अब तक का सबसे बड़ा स्मार्टफोन मार्केट शेयर दर्ज किया। कंपनी का शिपमेंट हिस्सा 9 फीसदी रहा, जबकि वैल्यू के हिसाब से उसका हिस्सा काफी मजबूत बना रहा।
पकड़
दूसरे प्रोडक्ट्स में भी बढ़ रही पकड़
आईफोन के अलावा ऐपल की पकड़ दूसरे प्रोडक्ट्स में भी बढ़ रही है। मैकबुक और आईपैड की मांग भी भारत में बढ़ रही है। छात्रों और ऑफिस से जुड़े लोगों के बीच इनकी खरीद बढ़ी है। कंपनी पुराने मॉडल कम कीमत पर भी उपलब्ध करा रही है, जिससे ज्यादा लोगों तक पहुंच बन रही है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में अब एक बड़ा वर्ग प्रीमियम टेक्नोलॉजी, डिजिटल सेवाओं और नए अनुभवों पर ज्यादा खर्च कर रहा है।