SK हायनिक्स के CMOS सीक्रेट्स चोरी कर चीनी कंपनी को दिए, पूर्व कर्मचारी को 18 महीने की जेल
सियोल हाई कोर्ट ने इस बात की पुष्टि की है कि SK हाईनिक्स के एक पूर्व कर्मचारी को 18 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है। इस कर्मचारी ने कंपनी की गोपनीय सेमीकंडक्टर तकनीक एक चीनी फर्म को लीक कर दी थी। कोर्ट ने बताया कि लीक की गई जानकारी कॉम्प्लीमेंट्री मेटल-ऑक्साइड-सेमीकंडक्टर (CMOS) इमेज सेंसर से जुड़ी थी।
यह एक ऐसी तकनीक है, जिसका इस्तेमाल स्मार्टफोन कैमरों और लैपटॉप में लगने वाले नॉन-मेमोरी चिप्स में होता है।
चीन दफ्तर के कर्मचारी ने चुराया था डाटा
SK हाईनिक्स के चीन दफ्तर में काम करने वाले इस पूर्व कर्मचारी ने कंपनी के नियमों का उल्लंघन करते हुए गोपनीय दस्तावेजों को कॉपी किया।
इतना ही नहीं उसने इन जानकारियों को एक चीनी कंपनी को भेजे गए अपने रेज्यूमे में भी शामिल कर लिया था। उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को कबूल कर लिया और चोरी किया गया ज्यादातर डाटा भी वापस मिल गया।
कोर्ट ने साफ किया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करना एक गंभीर अपराध है, यही वजह है कि इतनी कड़ी सजा सुनाई गई।