सबसे मूल्यवान 9 कंपनियों के पूंजीकरण में 3.12 लाख करोड़ रुपये की गिरावट
क्या है खबर?
पिछले सप्ताह शीर्ष-10 मूल्यवान कंपनियों में से 9 के संयुक्त बाजार मूल्यांकन में 3.12 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज को सबसे बड़ा झटका लगा। यह गिरावट शेयर बाजार में गिरावट के अनुरूप है। BSE सेंसेक्स 2,090.2 अंक या 2.7 फीसदी गिर गया, जबकि NSE निफ्टी 532.65 अंक या 2.2 फीसदी लुढ़क गया। यह नुकसान पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव, रुपये की निरंतर कमजोरी और बढ़ती मुद्रास्फीति संबंधी चिंताओं के चलते हुआ है।
गिरावट
इन कंपनियों के पूंजीकरण में गिरावट
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 1.34 लाख करोड़ गिरकर 18.08 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि भारतीय स्टेट बैंक (SBI) का 52,245 करोड़ घटकर 8.88 लाख करोड़ रुपये हो गया। साथ ही टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का 47,415 करोड़ और बजाज फाइनेंस का 27,892 करोड़ रुपये घटा। इसी प्रकार, HDFC का पूंजीकरण 20,630 करोड़, ICICI का 14,290 करोड़, लार्सन एंड टुब्रो का 9,078 करोड़, हिंदुस्तान यूनिलीवर का 3,970 करोड़ और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का 2,182 करोड़ गिरा है।
बढ़त
इस कंपनी के पूंजीकरण में हुआ इजाफा
पिछले सप्ताह जहां 9 कंपनियों का पूंजीकरण घटा है, वहीं भारती एयरटेल एकमात्र ऐसी कंपनी रही है, जिसके मूल्यांकन में इजाफा हुआ है। इसका बाजार मूल्यांकन 42,470 करोड़ बढ़कर 11.6 लाख करोड़ रुपये हो गया। गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद HDFC बैंक, भारती एयरटेल, ICICI बैंक, SBI, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और LIC का नंबर आता है।