LOADING...
कार में गलती से दब जाए स्टार्ट-स्टॉप बटन तो क्या होगा?
कार में स्टार्ट-स्टॉप बटन कई काम आता है

कार में गलती से दब जाए स्टार्ट-स्टॉप बटन तो क्या होगा?

May 03, 2026
05:18 pm

क्या है खबर?

देश में कीलेस एंट्री और पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम से लैस कारें बेहद आम हो गई हैं। इस सुविधा के साथ ही नए और अनुभवी दोनों तरह के चालकों के मन में एक आम शंका भी पैदा हो जाती है कि अगर, गलती से स्टार्ट-स्टॉप बटन दब जाए तो क्या होगा? आज हम आपको बता रहे हैं कि ऐसा होने पर आधुनिक कारें कैसे व्यवहार करती हैं और यह गलती से हो जाए तो आपको क्या करना चाहिए।

उपयोग 

क्या होता है स्टार्ट-स्टॉप बटन?

स्टार्ट-स्टॉप बटन एक इलेक्ट्रॉनिक इग्निशन स्विच है, जो पारंपरिक चाबी की जगह लेता है। जब यह सिस्टम चाबी को पहचान लेता है तो बटन दबाने से इंजन चालू और बंद हो जाता है। साथ ही एक्सेसरी मोड बदलने, स्टीयरिंग कॉलम को लॉक/अनलॉक करने के उपयोग में आता है। अधिकांश आधुनिक पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम में ड्राइविंग के दौरान आकस्मिक बंद होने से बचाने के लिए इन-बिल्ट सुरक्षा तंत्र शामिल होता है, लेकिन इसकी प्रतिक्रिया अलग-अलग कार के अनुसार भिन्न होती है।

ड्राइविंग स्थिति

चलती कार में क्या होगा?

चालकों के मन में सवाल होता है कि चलती हुई कार में गलती से यह बटन दब जाए तो क्या इंजन बंद हो जाएगा? अगर, गाड़ी गियर में हो और एक निश्चित गति (5-10 किलोमीटर प्रति घंटा) से अधिक से चल रही हो तो स्टार्ट-स्टॉप बटन को स्पर्स करने पर सिस्टम इसे आकस्मिक मानता है और कमांड को अस्वीकार कर देता है। बटन को 2-3 सेकेंड तक दबाकर रखने से चलते समय भी इंजन बंद हो सकता है।

Advertisement

परेशानी 

अन्य सिस्टम्स पर ये पड़ेंगे असर

स्टार्ट-स्टॉप बटन बंद करने से पावर स्टीयरिंग बहुत भारी और ब्रेक पैडल सख्त हो जाता है, वहीं ऑटोमैटिक कार अपने आप न्यूट्रल में चली जाती है। ABS जैसे सुरक्षा सिस्टम काम करते रहते हैं। आप गाड़ी पर नियंत्रण तुरंत नहीं खोएंगे, लेकिन स्टीयरिंग और ब्रेक लगाने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। गाड़ी के पूरी तरह से नहीं रुकने तक स्टीयरिंग लॉक एक्टिव नहीं होगा। इससे आप अपनी कार की दिशा को नियंत्रित कर पाएंगे, लेकिन इसमें ज्यादा जोर लगाना पड़ेगा।

Advertisement

खड़ी स्थिति

खड़ी कार में क्या होगा असर?

अगर, आपकी कार खड़ी हुई तो ऐसी स्थिति में एक बार बटन दबाने से इंजन बंद हो जाएगा और यह एक्सेसरी मोड में चली जाएगी। इंफोटेनमेंट सिस्टम, पावर विंडो, कैबिन लाइट, इलेक्ट्रॉनिक टेलगेट जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कुछ समय के लिए एक्टिव रहेंगे। क्लच पैडल (मास्टर लीवर वाली कारों में) या ब्रेक पैडल (ऑटोमैटिक कारों में) दबाए बिना बटन दबाने से आमतौर पर एक्सेसरी मोड चालू हो जाएगा। इससे इंजन स्टार्ट नहीं होगा।

उपाय 

बटन को दबने से कैसे राेकें?

अगर, आपने पुश-बटन स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम वाली नई कार खरीदी है तो बटन की स्थिति से परिचित होना जरूरी है। इससे सड़क से नजर हटाए बिना ही अलग-अलग फीचर्स को कंट्रोल और एडजस्ट कर सकते हैं। कुछ कारों में यह सेंटर कंसोल पर, गियर लीवर, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक टॉगल या ड्राइव मोड डायल के बगल में भी हो सकता है। इनमें टचस्क्रीन का उपयोग करते समय या ब्रेक लगाने या ड्राइव मोड बदलने के दौरान बटन की स्थिति का ध्यान रखें।

Advertisement