ईंधन बचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार कर रही कई उपाय
क्या है खबर?
ईंधन बचाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए कई उपाय शुरू किए हैं। यह कदम पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद उठाया गया है। सरकार ने राज्यभर में ईंधन की खपत को कम करने के उद्देश्य से सार्वजनिक और इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया है। इसके तहत अगले 12 महीनों के लिए रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क में छूट का लिए रखा है।
बस सेवा
बस सेवा पर रहेगा विशेष जोर
पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए अधिकारियों को व्यस्त समय के दौरान बस सेवाओं की फेरे बढ़ाने का निर्देश दिया गया है, ताकि निजी वाहनों पर निर्भरता कम हो सके। 500 से अधिक कर्मचारियों वाले कार्यालयों में परिवहन विभाग और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) कर्मचारियों के लिए संयुक्त रूप से विशेष बस सेवाएं संचालित करेंगे। विभागों को मौजूदा कारपूलिंग प्रणालियों का ऑडिट करने और अधिकारियों को आवंटित अतिरिक्त सरकारी वाहनों का आवंटन रद्द करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली बचत
बिजली बचाने के भी दिए निर्देश
राज्य सरकार ने कार्यालयों और डिपो में बिजली बचाने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अनावश्यक लाइट्स विशेषकर रात 10 बजे के बाद बंद रखने को कहा है। इसके अलावा, सरकारी कार्यालयों में एयर कंडीशनरों को अब ऊर्जा खपत कम करने के लिए 25-26 डिग्री के बीच तापमान बनाए रखना होगा। सरकार ने बायोगैस आधारित ऊर्जा उत्पादन के लिए 'चंदौली मॉडल' का अध्ययन करने का भी प्रस्ताव रखा है।