नए साल में धूम मचाने को तैयार है महिंद्रा, लॉन्च कर सकती हैं 5 शानदार गाड़ियां

भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों में से एक महिंद्रा अपने पोर्टफोलियों में नए वाहनों को जोड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। जानकारी के मुताबिक, अगले साल महिंद्रा की ज्यादातर गाड़ियां SUVs होंगी, इनमें नई थार और न्यू जनरेशन स्कॉर्पियो जैसी कुछ शानदार गाड़ियों के नाम शामिल हैं। इसके आलवा कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों पर भी ध्यान दे रही है। तो आइए 2022 में महिंद्रा की लॉन्च होने वाली गाड़ियों के बारे में विस्तार से जानते हैं।
महिंद्रा अगले साल की शुरुआत में भारत में अपनी नई जनरेशन की स्कॉर्पियो SUV को लॉन्च कर सकती है। कार को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। डिजाइन की बात करें तो इसे बॉक्सी लुक दिया गया है, जिसमें नया ग्रिल, मस्कुलर बोनट, बम्पर-माउंटेड DRLs के साथ LED और बड़े एयर डैम दिए गए हैं। साथ ही इसमें 2.0-लीटर m-स्टैलियन पेट्रोल इंजन और .2-लीटर m-हॉक डीजल इंजन के विकल्प मिलेंगे।
महिंद्रा साल की शुरुआत में अपनी बोलेरो SUV के फेसलिफ्ट वर्जन को लॉन्च करने वाली है। अपकमिंग ऑफ रोडर को डुअल-टोन पेंट स्कीम, नए डिजाइन के फ्रंट बंपर और इंटीरियर में कुछ नए फीचर्स के साथ लॉन्च किया जाएगा। वहीं, इंजन पहले की तरह ही 1.5-लीटर m-हॉक डीजल विकल्प में होगा, जो 3,600rpm पर 74hp की पावर और 210Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इंजन को 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से भी जोड़ा जा सकता है।
महिंद्रा की XUV700 को इसी साल लॉन्च किया गया, जिसे लोगों की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। अब इसके एक छह सीटर विकल्प को लाने की तैयारी की जा रही है। यह साल के मध्य में आ सकता है। हाल ही में महिंद्रा XUV700 छह सीटर वेरिएंट की तस्वीर सामने आई, जिसमें बैठने की जगह को सीमित किया गया है, वहीं बाकी फीचर्स पहले की तरह ही हैं। आपको बता दें कि मौजूदा मॉडल पांच और सात सीटर विकल्प में आता है।
ऑफ रोड SUV के रूप में जानी जाने वाली महिंद्रा थार का नया वेरिएंट भी अगले साल आने को पूरी तरह से तैयार है। वर्तमान में थार के तीन दरवाजे वाला मॉडल बिक्री के लिए उपलब्ध है और अब इसके पांच दरवाजे वाले विकल्प को लाया जाएगा। महिंद्रा ने थार को कई महत्वपूर्ण अपडेट के साथ पेश है, जिनमें एक पेट्रोल इंजन, ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन, नए स्टाइल के डिजाइन अपडेट और अधिक कनेक्टेड और अपमार्केट केबिन जैसे फीचर्स शामिल हैं।
इलेक्ट्रिक सेगमेंट में महिंद्रा अपनी पहली SUV eXUV300 के साथ अगले साल के शुरुआती महीनों में आ सकती है। इसे XUV400 नाम से भी जाना जाता है। यह मॉडल XUV300 का इलेक्ट्रिक वर्जन होगा और इसे 2020 ऑटो एक्सपो में eXUV300 कॉन्सेप्ट के तौर पर पेश किया गया था। महिंद्रा eXUV300 को महिंद्रा इलेक्ट्रिक स्केलेबल और मॉड्यूलर आर्किटेक्चर (MESMA) प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है।इसमें 350V का बैटरी पावर दिया गया है।
महिंद्रा ने भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के लिए नई योजना को भी पेश किया है। इसके तहत कंपनी 2027 तक 16 नए इलेक्ट्रिक वाहन (EV) लॉन्च करेगी, जिनमें आठ इलेक्ट्रिक SUVs और आठ लाइट इलेक्ट्रिक कमर्शीयल व्हीकल होंगे। इनमें से चार इलेक्ट्रिक SUVs को 2025 से 2027 की अवधि के दौरान लॉन्च किया जाएगा। वहीं, लाइट कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में आठ नए इलेक्ट्रिक वाहन होंगे।