सीटों पर स्याही के धब्बों से भद्दा लगेगा कार का केबिन, घरेलू उपायों से करें साफ
क्या है खबर?
कार की सीटें साफ-सुथरी होने पर केबिन आकर्षक दिखता है, लेकिन इन पर स्याही और पेन के दाग खूबसूरती बिगाड़ने के साथ-साथ उसकी रीसेल वैल्यू भी घटा सकते हैं। पेशेवर लोगों के पास जाकर इन दाग-धब्बों को साफ करने के लिए आपको पैसा खर्च करना पड़ सकता है, जबकि आप इनको बिना किसी प्रोफेशनल मदद के आसानी से हटा सकते हैं। आज हम आपको कार की सीटों को पहले जैसा चमकाने के व्यावहारिक तरीके बता रहे हैं।
घरेलू उपाय
ये घरेलू उपाय आ सकते हैं काम
स्याही हटाने में रबिंग अल्कोहल लोकप्रिय विकल्प है, क्योंकि यह दाग को आसानी से हटा देता है। एक साफ कपड़े पर थोड़ी मात्रा में रबिंग अल्कोहल लें और दाग पर हल्के से थपथपाएं। रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे स्याही कपड़े में फैल सकती है। बेकिंग सोडा हल्के दागों के लिए अच्छी सामग्री है। इसे पानी में मिलाकर पेस्ट बना लें और दाग पर लगाएं। 15 मिनट तक लगा रहने दें, फिर गीले कपड़े से पोंछ लें।
क्लीनर
रासायनिक क्लीनर का कर सकते हैं उपयोग
अगर, घरेलू उत्पाद काम न करें तो कार के इंटीरियर के लिए विशेष रूप से बनाए गए व्यावसायिक क्लीनर का इस्तेमाल करें। इन उत्पादों में अक्सर ऐसे शक्तिशाली रसायन होते हैं, जो स्याही के अणुओं को अधिक प्रभावी ढंग से तोड़ते हैं। इन रसायनों का सीट पर कोई नुकसान न हो, इसलिए पहले किसी छिपे हुए हिस्से पर इसका प्रयोग करके देखें। पहले से ही दाग-धब्बों को लगने से बचाव के लिए सीट कवर या फैब्रिक प्रोटेक्टर का इस्तेमाल करें।