कार स्टार्ट होने में आ रही है दिक्कत? इन आसान टिप्स से करें जांच
क्या है खबर?
कई बार जल्दबाजी में कार स्टार्ट नहीं होती और लोग बड़ी खराबी मानकर परेशान हो जाते हैं। जबकि कई मामलों में समस्या छोटी होती है और कुछ आसान जांच से उसका कारण पता लगाया जा सकता है। अगर आपकी कार भी अचानक स्टार्ट नहीं हो रही है, तो बिना घबराए सबसे पहले कुछ जरूरी चीजों की जांच करें। इससे समय और पैसे दोनों की बचत हो सकती है और कई बार सर्विस सेंटर जाने की जरूरत भी नहीं पड़ती।
#1
सबसे पहले बैटरी और इलेक्ट्रिकल सिस्टम देखें
कार स्टार्ट न होने पर कुछ भी करने से पहले बैटरी की स्थिति जरुर जांचें। देखें कि हेडलाइट, हॉर्न या डैशबोर्ड की लाइट जल रही है या नहीं। अगर सभी लाइटें बंद हैं या बहुत हल्की जल रही हैं, तो बैटरी कमजोर या डिस्चार्ज हो सकती है। बैटरी के टर्मिनल ढीले या जंग लगे हों तो उन्हें भी जांचें। जरूरत पड़ने पर जंप स्टार्ट की मदद ली जा सकती है।
#2
फ्यूल और गियर की स्थिति जरूर जांचें
अगर बैटरी ठीक है, तो यह देखें कि टैंक में पर्याप्त ईंधन है या नहीं। कई बार फ्यूल कम होने पर भी कार तुरंत स्टार्ट नहीं होती। इसके साथ यह भी सुनिश्चित करें कि ऑटोमैटिक कार 'P' या 'N' मोड में हो और मैनुअल कार न्यूट्रल गियर में हो। ब्रेक या क्लच पूरी तरह दबाकर दोबारा स्टार्ट करने की कोशिश करें। कई बार इससे समस्या तुरंत हल हो जाती है।
#3
बार-बार कोशिश न करें, जरूरत पड़े तो मदद लें
अगर बार-बार कोशिश करने पर भी कार स्टार्ट नहीं हो रही है, तो लगातार सेल्फ लगाने से बचें। इससे बैटरी और स्टार्टर मोटर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इंजन से अजीब आवाज आ रही हो या कोई चेतावनी लाइट लगातार जल रही हो, तो कार को जबरदस्ती स्टार्ट करने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में रोडसाइड असिस्टेंस या नजदीकी सर्विस सेंटर से मदद लेना सबसे सुरक्षित विकल्प होता है।