बारिश में कार के शीशों पर जम जाती है धुंध? इन आसान तरीकों से करें साफ
क्या है खबर?
बारिश के मौसम में कार चलाते समय कई लोगों को शीशों पर धुंध जमने की समस्या का सामना करना पड़ता है। बाहर का तापमान कम और कार के अंदर की हवा अपेक्षाकृत गर्म होने के कारण शीशों पर नमी जमा होने लगती है। इससे बाहर का दृश्य साफ दिखाई नहीं देता और ड्राइविंग करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, कुछ आसान उपाय अपनाकर इस समस्या को कम किया जा सकता है और सफर को सुरक्षित बनाया जा सकता है।
#1
कार का डिफॉगर और एसी चालू करें
अगर कार के शीशों पर धुंध जमने लगे, तो सबसे पहले डिफॉगर और एयर कंडीशनर चालू करें। AC कार के अंदर मौजूद अतिरिक्त नमी को कम करने में मदद करता है। वहीं, डिफॉगर शीशों पर गर्म हवा पहुंचाकर जमी हुई धुंध को तेजी से साफ करता है। कुछ मिनट तक इन दोनों का इस्तेमाल करने से शीशे साफ होने लगते हैं और बाहर का दृश्य पहले की तरह दिखाई देने लगता है।
#2
खिड़कियां थोड़ी खोलें और हवा का संतुलन बनाए रखें
बारिश के दौरान कार के अंदर और बाहर के तापमान में ज्यादा अंतर होने पर धुंध जल्दी जमती है। ऐसे में कुछ देर के लिए खिड़कियां थोड़ा खोलने से ताजी हवा अंदर आती है और तापमान का अंतर कम होता है। साथ ही, कार के एयर वेंट्स को सामने के शीशे की ओर सेट करें। इससे हवा सीधे शीशों तक पहुंचेगी और उन पर जमा नमी धीरे-धीरे करके हटने लगेगी।
#3
शीशों को साफ रखें और एंटी-फॉग उपाय अपनाएं
कार के शीशों पर धूल और गंदगी जमा होने से धुंध जल्दी बनती है। इसलिए बारिश के मौसम में शीशों की नियमित सफाई करना जरूरी है। चाहें तो बाजार में मिलने वाले एंटी-फॉग स्प्रे या माइक्रोफाइबर कपड़े का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। ये उपाय शीशों पर नमी जमने की संभावना को कम करते हैं। इससे ड्राइविंग के दौरान दृश्यता बेहतर रहती है और सड़क पर सुरक्षित तरीके से गाड़ी चलाने में मदद मिलती है।