न्यूयॉर्क में पंजाब युवक की गोली मारकर हत्या, पिज्जा डिलीवरी के दौरान हुआ हमला
क्या है खबर?
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में पिज्जा डिलीवरी करने गए पंजाब के 28 वर्षीय भारतीय युवक गुरदीप सिंह की अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस को शुरुआती तौर पर आशंका है कि यह वारदात लूटपाट के इरादे से की गई थी। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस दर्दनाक खबर के बाद पंजाब के कपूरथला स्थित उनके पैतृक गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
वारदात
पिज्जा डिलीवरी के दौरान हुआ हमला
न्यूयॉर्क पुलिस और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरदीप अपनी आजीविका चलाने के लिए न्यूयॉर्क में पिज्जा डिलीवरी का काम कर रहा था। एक डिलीवरी के दौरान अचानक अज्ञात हमलावर ने उसे निशाना बनाया और फिर गोली मार दी।
पुलिस का मानना है कि संभवत: हमलावर का इदारा गुरदीप से लूटपाट कर पैसे छीनना था। इस दौरान उसके विरोध करने पर आरोपी ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। मामले की जांच जारी है।
बेबसी
कर्ज लेकर बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका गया था गुरदीप
मृतक के पिता प्यारा लाल ने बताया कि परिवार ने भारी कर्ज लेकर गुरदीप को महज 15 साल की उम्र में 13 साल पहले पंजाब से अमेरिका भेजा था।
इसके पीछे उद्देश्य यह था कि वह वहां से पैसे कमाकर माता-पिता को एक बेहतर जिंदगी दे सके।
अमेरिका पहुंचने के बाद भी गुरदीप का जीवन आसान नहीं था। उन्होंने लंबे समय तक कई बड़ी कठिनाइयों का सामना किया और परिवार के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत की।
मांग
परिवार ने की शव को भारत लाने की मांग
गुरदीप की मौत की खबर से पंजाब के बेगोवाल में शोक की लहर दौड़ गई। बूढ़े पिता और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के लोग इस अपूरणीय क्षति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
परिवार ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से तत्काल मदद की अपील की है ताकि गुरदीप के पार्थिव शरीर को जल्द उनके पैतृक गांव भारत वापस लाया जा सके।
परिजनों ने आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की भी मांग की है।