Loading...
अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ की अचानक इजरायल यात्रा, नेतन्याहू से मुलाकात में ईरान युद्ध पर चर्चा
अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ ने नेतन्याहू से मुलाकात की (फाइल तस्वीर)

अमेरिकी रक्षा मंत्री हेगसेथ की अचानक इजरायल यात्रा, नेतन्याहू से मुलाकात में ईरान युद्ध पर चर्चा

लेखन गजेंद्र
Oct 20, 2026
10:50 am

क्या है खबर?

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के नजदीक आते ही ईरान को लेकर अमेरिकी रणनीति में भी तेजी आई है। अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस ने मंगलवार को खुलासा किया कि सोमवार को अमेरिकी रक्षा सचिव (अब युद्ध सचिव) पीट हेगसेथ अचानक इजरायल पहुंच गए। यहां हेगसेथ ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान फिर से शुरू करने की संभावना पर चर्चा हुई है।

मुलाकात

मुलाकात की किसी ने नहीं की पुष्टि

रिपोर्ट के मुताबिक, हेगसेथ और नेतन्याहू की बैठक दक्षिणी इजरायल के ओवदा हवाई अड्डे पर हुई, जहां अमेरिकी ईंधन भरने वाले विमान और लड़ाकू जेट तैनात हैं।

हेगसेथ ने बेस पर अमेरिकी सैनिकों से भी मुलाकात की। इसके बाद हेगसेथ ने अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के सैनिकों से मुलाकात कर अपनी तस्वीर पोस्ट की, लेकिन जगह नहीं बताई।

CENTCOM मध्य पूर्व, मध्य एशिया, दक्षिण एशिया और मिस्र में सैन्य अभियान देखता है।

इस मुलाकात की पुष्टि किसी ने नहीं की।

युद्ध

ट्रंप ने किया है इजरायल चुनाव में नेतन्याहू का समर्थन

हेगसेथ ने नेतन्याहू से मुलाकात तब की है, जब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर नेतन्याहू को समर्थन देने बात कही है।

इजरायल में 7 अक्टूबर, 2023 को हमास द्वारा किए गए हमले के बाद पहला मतदान हो रहा है। यह चुनाव इजरायल की गाजा, लेबनान और ईरान में युद्ध के बीच हो रहा है।

जनमत सर्वेक्षणों में नेतन्याहू के धार्मिक-राष्ट्रवादी गठबंधन के सत्ता में आने की संभावना कम दिख रही है।

ADVERTISEMENT