यूक्रेन: रक्षा मंत्रालय ने हटाया हिंदू देवी काली पर विवादास्पद ट्वीट, खेद प्रकट किया
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने आलोचना के बाद हिंदू देवी काली पर विवादास्पद ट्वीट को हटा दिया है और हिंदू देवी को विकृत करने पर खेद प्रकट किया है। यूक्रेन के विदेश मामलों की उप मंत्री एमिन डेजेपर ने कहा, "हमें यूक्रेन रक्षा मंत्रालय के हिंदू देवी काली को विकृत तरीके से चित्रित करने वाले ट्वीट पर खेद है। यूक्रेन और इसके लोग अद्वितीय भारतीय संस्कृति का सम्मान करते हैं और भारत के समर्थन की अत्यधिक सराहना करते हैं।"
क्या है मामला?
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने 30 अप्रैल को एक ट्वीट किया था, जिसमें अमेरिकी अभिनेत्री मर्लिन मुनरो के प्रसिद्ध 'फ्लाइंग स्कर्ट' पोज में एक अनोखे चित्र को दिखाया गया है। इसमें चेहरा और विवरण हिंदू देवी काली जैसा दिखता है। इसे 'वर्क ऑफ आर्ट' कैप्शन के साथ रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट किया था। हालांकि, इस पोस्ट को बड़े पैमाने पर प्रतिक्रिया मिली और भारत सरकार की ओर से नाराजगी व्यक्त की गई। इसके बाद मंत्रालय ने ट्वीट को हटा दिया।