सऊदी अरब के रियाद हवाई अड्डे पर मिसाइल हमला, 12 की मौत और 300 घायल
क्या है खबर?
सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर फिर भीषण बैलिस्टिक मिसाइल हमला हुआ है। इसमें 12 लोगों की मौत हो गई है और 300 से ज्यादा घायल हुए हैं। मृतकों में 4 सऊदी, 2 बांग्लादेशी और अमेरिका, फिलिस्तीन, मिस्र, जॉर्डन, सीरिया और सूडान के एक-एक नागरिक शामिल हैं। वहीं, कुछ घायलों की हालत भी गंभीर है। हमले के पीछे हूती विद्रोहियों का हाथ होने का शक जताया जा रहा है।
हमला
टर्मिनल 3 और 4 के बीच गिरी मिसाइल
एक अधिकारी के मुताबिक, मिसाइल हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 और 4 वाले हिस्से में गिरी। ये दोनों डोमेस्टिक उड़ानों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।
हमले के बाद हवाई अड्डे के सभी रास्ते बंद कर दिए गए और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। हवाई अड्डे के आसपास रोशनी भी कम की गई।
अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा ने अपने नागरिकों को हवाई अड्डे से दूर रहने की सलाह दी है।
उड़ानें
एयर इंडिया ने रद्द की रियाद जाने वाली उड़ानें
हमलों को देखते हुए एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया ने रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों को 14 अक्टूबर तक और एयर इंडिया की उड़ानों को 15 अक्टूबर तक रद्द किया गया है।
इससे पहले दोनों एयरलाइंस ने 10 अक्टूबर तक उड़ानें रद्द करने की घोषणा की थी।
वहीं, बीते 24 घंटे में हवाई अड्डे से कम से कम 225 उड़ानें रद्द हुई हैं।
भारत
भारत ने हमले की निंदा की
विदेश मंत्रालय ने कहा, "हम पिछले कुछ दिनों में रियाद हवाई अड्डे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 10 अक्टूबर का कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है, जिसमें कई लोगों की जान गई। आम लोगों और बुनियादी ढांचों पर होने वाले हमले बिल्कुल भी मंजूर नहीं हैं और इन्हें तुरंत बंद करना चाहिए। हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ उनकी संप्रभुता की रक्षा में एकजुटता से खड़े हैं।"