Page Loader
मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के साजिशकर्ता हाफिज अब्दुल रहमान मक्की की पाकिस्तान में मौत
मुंबई 26/11 आतंकी हमले के साजिशकर्ता अब्दुल रहमान मक्की की पाकिस्तान में मौत

मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के साजिशकर्ता हाफिज अब्दुल रहमान मक्की की पाकिस्तान में मौत

लेखन गजेंद्र
Dec 27, 2024
01:30 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में 26/11 आतंकी हमले को अंजाम देने की साजिश रचने वाले अब्दुल रहमान मक्की की शुक्रवार को पाकिस्तान में मौत हो गई। मक्की मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड हाफिज सईद का रिश्ते में साला और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े प्रतिबंधित जमात-उद-दावा के उप प्रमुख मक्की की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। मक्की पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। उसका लाहौर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था।

मौत

मक्की को थी गंभीर मधुमेह की शिकायत

जमात-उद-दावा के एक अधिकारी ने बताया कि मक्की को उच्च स्तर के गंभीर मधुमेह की शिकायत थी, जिसके चलते वह काफी दिनों से बीमार था। उसको एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार को हृदयाघात के बाद उसने दम तोड़ दिया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने जनवरी 2023 में मक्की को वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था। वह पिछले काफी समय से सुर्खियों में नहीं था और अलग जीवन जी रहा था।

आतंक

मक्की ने भारत में कराए थे कई हमले

मक्की भारत के खिलाफ सबसे बड़े मुंबई 26/11 हमले का साजिशकर्ता था, जिसमें उसने वित्तीय मदद की थी। इस आतंकी हमले में 175 लोग मारे गए थे। वह 22 दिसंबर, 2000 को हुए दिल्ली के लाल किले हमले की साजिश में भी शामिल था, जिसमें 6 आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की थी। 2019 में पाकिस्तान सरकार ने उसे गिरफ्तार कर लाहौर में नजरबंद किया। 2020 में पाकिस्तानी कोर्ट ने उसे आतंकी वित्तपोषण मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।