Page Loader
अमेरिका: विलोब्रुक में भीड़ पर गोलीबारी, कम से कम 17 लोगों को गोली लगी 
अमेरिका के विलोब्रुक में गोलीबारी में 17 लोगों को गोली लगने की खबर है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

अमेरिका: विलोब्रुक में भीड़ पर गोलीबारी, कम से कम 17 लोगों को गोली लगी 

लेखन आबिद खान
Jun 18, 2023
06:14 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि शिकागो के विलोब्रुक में 200-300 लोगों के समूह पर किसी ने गोलीबारी कर दी। घटना में कम से कम 17 लोगों को गोली लगी है, जिनमें से कई घायलों की हालत गंभीर है। घायलों की नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना स्थानीय समयानुसार शनिवार रात 12.30 बजे हुई।

जूनटींत

जूनटींथ मनाने जुटे थे लोग

बताया जा रहा है कि विलोब्रुक के एक शॉपिल मॉल के बाहर स्थित पार्किंग में लोग जूनटींथ मनाने जुटे थे। ये एक सालाना उत्सव है, जिसे अमेरिका में गुलामी की समाप्ति की याद में मनाया जाता है। जून महीने के तीसरे शनिवार को इसे मनाया जाता है। अमेरिका में इस दिन आधिकारिक अवकाश होता है। खबर है कि इसी उत्सव के दौरान भीड़ पर अज्ञात लोगों ने गोलीबारी कर दी।

पुलिस

मामले पर पुलिस का क्या कहना है?

स्थानीय मीडिया से बात करते हुए ट्राइ-स्टेट फायर प्रोटेक्शन के बटालियन प्रमुख जो ऑस्ट्रैंडर ने बताया, "गोलीबारी शनिवार रात 12.30 बजे हनी सकल लेन के पास रूट 83 पर हुई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि एक पार्किंग में जुनटींथ उत्सव के लिए एक समूह इकट्ठा हुआ था, जो हिंसक हो गया।" फॉक्स न्यूज ने कहा है कि वारदात के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस की गाड़ियां देखी गईं।

प्रत्यक्षदर्शी

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया घटनास्थल का हाल

समाचार चैनल एबीसी 7 से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी मार्केशिया ने कहा, "ये उत्सव जूनटींथ जैसा था, लेकिन तभी हमने गोली चलने की आवाज सुनी। जब तक गोली चलती रही, हम नीचे झुके रहे।" एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी क्रेग ने कहा, "हम सभी बाहर थे, तभी अचानक से गोलियां चलने लगीं। सब इधर-उधर भागने लगे और माहौल अराजक हो गया।" बताया जा रहा है कि घायलों को 4 अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

वॉशिंगटन

वाशिंगटन में म्यूजिक शो के दौरान हुई गोलीबारी

शनिवार रात को ही वाशिंगटन के कैपग्राउंड में एक म्यूजिक शो के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। इसमें 5 लोग घायल हुए हैं और 2 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें कैंपिंग में रात 8.30 बजे के करीब गोली चलने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।