सऊदी के हवाई अड्डों पर हूती हमलों की भारत ने निंदा की, कहा- पूरी तरह अस्वीकार्य
क्या है खबर?
सऊदी अरब के 2 हवाई अड्डों को निशाना बनाकर किए गए हमलों की भारत ने गुरुवार को निंदा की है। हमले में 3 लोग मारे गए हैं, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में सऊदी सरकार के प्रति एकजुटता व्यक्त की गई और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताया। भारत ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
बयान
मंत्रालय ने क्या कहा?
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, "भारत रियाद में आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पिछले दिनों में हुए हमलों की निंदा करता है, जिनमें आम नागरिकों की मौत हुई और लोग घायल हुए हैं। नागरिकों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। हम उन लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ खड़े हैं।"
जवाब
सऊदी ने बदला लेने की कसम खाई
यमन में ईरान समर्थित हूतियों से लड़ रहे सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने जवाबी कार्रवाई की कसम खाई और कहा कि इनको "बिना दंड के नहीं छोड़ा जाएगा।"
उसने बताया कि हूतियों के हमले के बाद सादा, होदेइदा, जौफ और मारिब में 80 से अधिक हूती सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए हैं।
यमन के परिवहन मंत्रालय ने कहा कि बुधवार को हूतियों ने अदन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें और ड्रोन दागे थे।