हूती विद्रोहियों ने रियाद हवाई अड्डे पर फिर किया हमला, एयर इंडिया ने रद्द की उड़ानें
क्या है खबर?
अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच मध्य पूर्व में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को एक बार फिर भीषण बैलिस्टिक मिसाइल हमला हुआ है, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। यमन स्थित हूती विद्रोहियों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। इसके बाद उड़ानों का संचालन तुरंत रोक दिया गया, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया और आपातकालीन टीमों को तैनात किया गया है।
हमला
रियाद हवाई अड्डे पर तीसरा बड़ा हमला
इस सप्ताह सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा यमन में हूतियों के खिलाफ शुरू किए गए बड़े सैन्य अभियान के बाद रियाद हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किया गया यह तीसरा बड़ा हमला है।
इससे पहले बुधवार और गुरुवार को हुए हमलों में एक पायलट सहित 3 सऊदी नागरिक और एक सूडानी नागरिक की मौत हो चुकी है।
इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव चरम स्तर पर पहुंच गया है और इसके गंभीर परिणाम आने की आशंका है।
कदम
एयर इंडिया ने रद्द की रियाद जाने वाली उड़ानें
किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमलों के मद्देनजर एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया ने रियाद से आने-जाने वाली उड़ानें रद्द कर दी हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों को 14 अक्टूबर तक और एयर इंडिया की उड़ानों को 15 अक्टूबर तक रद्द कर दिया गया है।
इन घटनाक्रमों के बावजूद, सऊदी अरब इस महीने प्रमुख ऊर्जा और निवेश सम्मेलनों का आयोजन कर रहा है और आगंतुकों को सुरक्षा उपायों का आश्वासन दे रहा है।
तैनाती
ईरान ने सीमाओं पर की लड़ाकू इकाइयों की तैनाती
अमेरिका के साथ नए सिरे से संघर्ष की आशंकाओं के बीच ईरान ने कथित तौर पर अपनी सीमाओं पर 50 से अधिक लड़ाकू और सहायक इकाइयों को तैनात किया है।
यह तैनाती उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, पूर्वी क्षेत्रों और मकरान तट सहित कई क्षेत्रों में की गई है।
ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरमी निया ने कहा कि अमेरिका के साथ संघर्ष के बाद तेहरान मिसाइलों की मारक क्षमता बढ़ाने की योजना बना रहा है।