Page Loader
अमेरिका: पन्नू की हत्या की साजिश में गिरफ्तार भारतीय ने कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया
खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के आरोपी ने खुद को निर्दोष बताया

अमेरिका: पन्नू की हत्या की साजिश में गिरफ्तार भारतीय ने कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया

लेखन गजेंद्र
Jun 18, 2024
11:15 am

क्या है खबर?

अमेरिका में खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के आरोप में गिरफ्तार भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने कोर्ट में खुद को निर्दोष बताया है। गुप्ता को सोमवार को न्यूयॉर्क की एक संघीय कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उन्होंने अपने वकील जेफरी चैब्रो के अनुसार खुद को मामले में बेगुनाह बताया। बता दें कि 52 वर्षीय निखिल को ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है, जो एक संघीय प्रशासनिक हिरासत सुविधा है।

हिरासत

चेक गणराज्य से हुआ है निखिल का प्रत्यर्पण

निखिल को एक बिजनेस ट्रिप के दौरान पिछले साल 30 जून को चेक गणराज्य के प्राग एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया था। वह भारत से प्राग गए थे। पन्नू की हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में अमेरिकी सरकार के अनुरोध पर चेक गणराज्य में निखिल को गिरफ्तार किया गया था। अमेरिका और चेक गणराज्य के बीच द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत 17 जून को निखिल को अमेरिका को सौंपा गया। भारत में भी जांच चल रही है।

आरोप

निखिल पर क्या हैं आरोप?

अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, निखिल ने एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के निर्देश पर पन्नू की हत्या की सुपारी दी थी। इस काम के बदले उसे एक लाख डॉलर दिए जाने थे। निखिल ने अपराधियों के बीच उठने-बैठने वाले एक शख्स के जरिए एक सुपारी किलर ढूढ़ने को सुपारी दी थी। हालांकि, ये शख्स एक गुप्त अमेरिकी एजेंट था। इस शख्स ने निखिल को जिस सुपारी किलर से मिलवाया, जो खुद अंडरकवर अफसर था। इससे पूरी साजिश नाकाम हो गई।