Loading...
अमेरिका में गुजराती कारोबारी की हत्या, बेटी के सामने मारी गोलियां
अमेरिका में गुजराती कारोबारी की गोली मारकर हत्या

अमेरिका में गुजराती कारोबारी की हत्या, बेटी के सामने मारी गोलियां

लेखन आबिद खान
Aug 23, 2026
01:10 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के टेनेसी में एक गुजराती मूल के कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पीड़ित की पहचान 62 वर्षीय सुरेश पटेल के तौर पर हुई है। घटना के वक्त उनकी 19 वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। बताया जा रहा है कि जैक्सन शहर में सुरेश रिजक्रेस्ट सेलर्स वाइन एंड स्पिरिट्स नामक स्टोर चलाते थे। 20 अगस्त की रात करीब 9 बजे हथियारबंद बदमाश लूट के इरादे से स्टोर में पहुंचा और सुरेश को गोली मार दी।

घटना

नगदी मिलने के बावजूद आरोपी ने की गोलीबारी

पुलिस ने बताया कि एक बंदुकधारी नकाबपोश व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ और कर्मचारियों से पैसे मांगे। कर्मचारियों ने उसे पैसे दे दिए, इसके बावजूद उनसे गोलीबारी कर दी, जिसकी चपेट में आकर सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के वक्त उनकी बेटी भी दुकान में मौजूद थी।

पुलिस ने बताया कि हमलावर CCTV कैमरे में कैद हुआ है और उसकी पहचान एक अश्वेत व्यक्ति के तौर पर बताई गई है।

सुरक्षा

गुजरात के मेहसाणा के रहने वाले थे सुरेश

सुरेश मूल रूप से गुजरात के मेहसाणा जिले के रहने वाले थे। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना से 3 दिन पहले ही उन्होंने इस दुकान की कमान संभाली थी।

इस घटना ने गुजराती कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मई, 2025 में टेनेसी में 30 वर्षीय परेश पटेल की लूट के दौरान हत्या कर दी गई थी।

जून में नॉरफोक में गुजराती महिला मेघना पटेल की उनकी दुकान के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

ADVERTISEMENT