Page Loader
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 वर्ष की आयु में निधन, देश में शोक
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का 100 वर्ष की आयु में निधन, देश में शोक

लेखन गजेंद्र
Dec 30, 2024
09:07 am

क्या है खबर?

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का जॉर्जिया के प्लेन्स में रविवार को निधन हो गया। उनकी आयु 100 वर्ष थी। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित कार्टर काफी लंबे समय से बीमार थे और 2023 की शुरूआत से ही डॉक्टरों की देखरेख में घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। प्लेन्स में ही कार्टर का जन्म हुआ था। अंतिम समय में वह अपने परिवार के बीच मौजूद थे। कार्टर के निधन पर देश और दुनिया में शोक है।

निधन

1977 से 1981 तक रहे थे अमेरिका के राष्ट्रपति

कार्टर ने प्लेन्स जैसे छोटे ग्रामीण शहर के एक साधारण परिवार से निकलकर व्हाइट हाउस तक का सफर तय किया था। वे 1977 से 1981 तक अमेरिका के 39वें राष्ट्रपति रहे थे। कार्टर सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाले राष्ट्रपति रहे। 2015 में दक्षिणी डेमोक्रेट ने घोषणा की थी कि उनको मस्तिष्क कैंसर है। कार्टर को विश्व स्तर पर लोकतंत्र और मानवाधिकारों को बढ़ावा देने में उनके योगदान के लिए 2002 में नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था।

शोक

राष्ट्रपति जो बाइडन ने जताया दुख

निर्वतमान राष्ट्रपति जो बाइडन ने कार्टर के निधन पर दुख जताते हुए कहा, "आज, मेरे विचार से, अमेरिका और दुनिया ने एक उल्लेखनीय नेता खो दिया। वह एक राजनेता और मानवतावादी थे। जिल और मैंने एक प्रिय मित्र खो दिया। मैं 50 से अधिक वर्षों से कार्टर के साथ घूम रहा हूं। उन वर्षों में मैंने उनके साथ अनगिनत बातचीत की। उन्होंने शांति स्थापित की, नागरिक, मानवाधिकारों को आगे बढ़ाया और दुनियाभर में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों को बढ़ावा दिया।"

संदेश

ट्रंप ने क्या कहा?

अमेरिका के आगामी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया ट्रुथ पर लिखा, 'जिमी कार्टर से मैं दार्शनिक और राजनीतिक रूप से उनसे पूरी तरह असहमत था, लेकिन मुझे यह भी एहसास हुआ कि वह वास्तव में हमारे देश से प्यार करते थे, उसका सम्मान करते थे। उन्होंने अमेरिका को बेहतर जगह बनाने में कड़ी मेहनत की। इसके लिए मैं उन्हें अपना सर्वोच्च सम्मान देता हूं। वह वास्तव में अच्छे इंसान थे और निश्चित रूप से, उन्हें बहुत याद किया जाएगा।'

अंतिम संस्कार

जॉर्जिया के प्लेन्स में ही होगा अंतिम संस्कार

कार्टर का अंतिम संस्कार प्लेन्स में ही राजकीय सम्मान के साथ होगा, जिसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। कार्टर सेंटर ने बताया कि कार्टर की विरासत को सम्मानित करने के लिए अटलांटा और वाशिंगटन डीसी में सार्वजनिक समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्टर के 4 बच्चे हैं, जिनमें 3 बेटे और 1 बेटी है। कार्टर के निधन पर जॉर्जिया में सभी सरकारी भवनों के झंडे आधे झुका दिए गए हैं। उनको देश में कई जगह श्रद्धांजलि दी जा रही है।