Page Loader
यूक्रेन: महिला ने बनाया 'सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला' का रिकॉर्ड, जानिए लंबाई
यूक्रेन की इस महिला ने जीता दुनिया के सबसे लंबे बालों का विश्व रिकॉर्ड

यूक्रेन: महिला ने बनाया 'सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला' का रिकॉर्ड, जानिए लंबाई

लेखन सयाली
Apr 22, 2024
08:11 pm

क्या है खबर?

महिलाओं के लिए उनके बाल बेहद कीमती होते हैं, जिन्हें लंबा करने के लिए वे तरह-तरह के नुस्खे आजमाती हैं। इसी कड़ी में यूक्रेन की रहने वाली एक महिला ने अपने लंबे बालों के जरिए गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। अलीया नसीरोवा नाम की इस महिला ने दुनिया के सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला का विश्व रिकॉर्ड जीता है। आइए आलिया के इस रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से जानते हैं।

लंबाई

8 फीट है आलिया के घने बालों की लंबाई 

लोग आलिया नसीरोवा को उनके घने और लंबे बालों के कारण असल जिंदगी की रपुंजल बुलाते हैं। उनके सुंदर बालों की लंबाई 8 फीट 5.3 इंच है। आलिया की लंबाई 5 फुट 4 इंच है और उनके बाल उनसे करीब 3 गुना लंबे हैं। उनके बाल दुनिया के सबसे लंबे आदमी सुल्तान कोसेन से भी बड़े हैं। कल रात आलिया के इस रिकॉर्ड से संबंधित एक एपिसोड इटली के टीवी शो 'लो शो देई रिकॉर्ड' पर प्रसारित किया गया था।

विवरण

आलिया ने कभी पार्लर में नहीं कटवाए हैं बाल 

आलिया की उम्र 35 साल है और वह अब काम के सिलसिले में यूरोप के स्लोवाकिया में रहती हैं। वह पेशे से ग्राफिक डिजाइनर और मॉडल हैं। उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी पार्लर में जाकर बाल नहीं कटवाए हैं। वह मजबूत और स्वस्थ बालों के लिए उन्हें घर पर ही नीचे से थोड़ा सा काटती हैं। आलिया चाहती हैं कि लोग उनसे प्रेरित हो कर प्राकृतिक सुंदरता को बढ़ावा दें।

जानकारी

आलिया अपनी मां और दादी से हैं प्रेरित 

आलिया की मां और दादी के बाल भी बेहद लंबे थे, जिनसे प्रेरणा लेकर ही उन्होंने अपने बाल लंबे किए हैं। इसके अलावा वह काल्पनिक कहानियों की मशहूर राजकुमारी रपुंजल से भी प्रेरित हैं, जिसके बाल काफी लंबे थे।

देखभाल

आलिया इस तरह करती हैं अपने बालों की देखभाल 

आलिया हफ्ते में एक बार अपने बालों को धोती हैं, जिन्हें पूरी तरह साफ करने में उन्हें 30 मिनट लगते हैं। वह कभी-कभी हेयर मास्क भी इस्तेमाल करती हैं, जिसे लगाने में उन्हें 2 घंटे लग जाते हैं। वह अपने बालों पर किसी भी तरह के बिजली वाले उपकरणों का उपयोग नहीं करती हैं। आलिया अपने बालों को हवा से ही सुखाती हैं, जिसमें आम तौर पर करीब 24 घंटे लग जाते हैं।

रसायनिक उत्पाद 

आलिया रसायनिक उत्पादों का नहीं करती हैं इस्तेमाल 

आलिया ने बताया, "मैं अपने बालों पर रासायनिक हेयर डाई नहीं लगाती, उनके बजाय केवल प्राकृतिक उत्पादों का इस्तेमाल करती हूं। मैं कभी-कभी बालों में मेहंदी लगा लेती हूं।" उन्होंने आगे कहा, "मैं केवल प्राकृतिक मास्क और तेल लगाता हूं, जिन्हें मैं ज्यादातर खुद बनाती हूं। मैं गीले बालों में कभी कंघा नहीं करती।" आलिया 2-मुंहे बाल होने पर उन्हें खुद ही काटती हैं और खान-पान का खास ख्याल रखती हैं। इसके अलावा वह कभी शराब का सेवन नहीं करतीं।

प्रशंसा

समुद्र में डुबकी लगाकर पाती हैं प्राकृतिक खनिज 

आलिया बालों को प्राकृतिक खनिज पहुंचाने के लिए कभी-कभी समुद्र में डुबकी लगाना पसंद करती हैं। साथ ही वह रोजाना अपने बालों का जूड़ा बनाकर रखती हैं, क्योंकि उन्हें खुले रखना मुश्किल हो जाता है। लोग उनके इंस्टाग्राम और यूट्यूब के वीडियो देखकर उनसे प्रेरित होते हैं और उनकी प्रशंसा भी करते हैं। आलिया कहती हैं कि जब लोग उनके बालों को देखकर अपने बाल बढ़ाते हैं तो उन्हें बेहद खुशी महसूस होती है।