
इन लोगों ने इंसानों के बजाय अजीबोगरीब वस्तुओं से रचाई है शादी, जानकर रह जाएंगे दंग
क्या है खबर?
शादी 2 लोगों का पावन बंधन होता है, जो उन्हें जीवनभर के लिए एक कर देता है। सभी लोग इंसानों के साथ ही 7 फेरे लेते हैं। हालांकि, क्या आपने कभी यह सुना है कि किसी व्यक्ति ने किसी निर्जीव वस्तु से शादी रचाई हो? हैरानी की बात है कि आज के वक्त में ऐसा वाकई हो रहा है। आज हम आपको 5 ऐसे लोगों के बारे में बताएंगे, जिन्होनें इंसानों के बजाय विचित्र वस्तुओं को अपना जीवनसाथी बनाया है।
#1
कैरोल सांता ने रेलवे स्टेशन को पत्नी के रूप में चुना
किसी ने नहीं सोचा होगा कि जिस रेलवे स्टेशन से लोग ट्रेन पकड़ते हैं, वह किसी का जीवनसाथी हो सकता है। सुनने में अजीब लगता है, लेकिन कैरोल सांता फे नाम की महिला ने एक रेलवे स्टेशन को अपनी पत्नी के रूप में चुना है। 9 साल की उम्र में कैरोल को सैन डिएगो के 'सांता फे डिपो' उर्फ डेड्रा से प्यार हो गया था। 36 साल के इंतजार के बाद उन्होंने इस रेलवे स्टेशन से 2015 में शादी की।
#2
एरिका लाब्री ने की है एफिल टॉवर से शादी
पेरिस का एफिल टॉवर दुनिया की सबसे मशहूर इमारतों में गिना जाता है। उसे देखते तो लाखों लोग हैं, लेकिन वह पति केवल एरिका लाब्री का है। जी हां, 2007 में इस पूर्व अमेरिकी वायु सेना सैनिक ने एफिल टॉवर से शादी रचाई थी। एरिका की शादी एक छोटे समारोह में हुई थी, जिसमें केवल करीबी दोस्त मौजूद थे। उन्होंने एफिल टॉवर को अपनी पत्नी बनाया और कानूनी तौर पर अपना नाम बदलकर एरिका एफिल रख लिया।
#3
आरोन चेरवेनक का मोबाइल बना उनका जीवनसाथी
आजकल लोग दिनभर मोबाइल से चिपके रहते हैं, मानो वे उनके प्रेमी-प्रेमिका हों। हालांकि, एक व्यक्ति ने इस बात को सच साबित करते हुए अपने मोबाइल फोन को वाकई अपनी पत्नी बना लिया। एरन चेरवेनक ने लिटिल वेगास चैपल में अपने फोन से विवाह किया था। ऐसा करके चेरवेनक यह साबित करना चाहते थे कि लोग अपने मोबाइल पर कितने निर्भर हो गए हैं। उन्होंने कहा, "एक तरह से देखा जाए तो मेरा स्मार्टफोन मेरा सबसे लंबा रिश्ता रहा है।"
#4
जोआचिम हैं एक भाप वाले इंजन के पति
जोआचिम पेशे से एक मरम्मत करने वाले हैं, जो 12 साल की उम्र से ही तकनीकी वस्तुओं की ओर आकर्षित होते थे। जब वह 50 साल के हुए तो उन्होंने एक स्टीम इंजन यानि भाप से चलने वाले इंजन से शादी कर ली थी। वह अपनी ट्रेन से उसी तरह प्यार करते हैं, जैसे कोई व्यक्ति अपने साथी से करता है। उन्होंने कहा, "आप अपने आप को एक वस्तु के सामने व्यक्तियों से बेहतर तरीके से प्रकट कर सकते हैं।"
#5
एमी वोल्फ वेबर का पति है एक रोलर कोस्टर
बच्चों को रोलर कोस्टर पर झूलना बेहद पसंद होता है, लेकिन क्या हो अगर यह पसंद प्यार में बदल जाए? एमी वोल्फ वेबर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। पेंसिल्वेनिया की इस महिला को 13 साल की उम्र में एक रोलर कोस्टर से प्यार हो गया था। उन्होंने शादी से पहले उसपर 3,000 से ज्यादा बार सवारी की थीं। उन्होंने कहा, "मैं तुरंत ही उनकी ओर शारीरिक और मानसिक रूप से आकर्षित हो गई थी।"
कारण
इन लोगों को क्यों हुआ वस्तुओं से प्यार?
आप सोच रहे होंगे कि ये लोग वस्तुओं के प्रेम में कैसे पद गए। इस सवाल का जवाब वैज्ञानिकों ने दिया है। दरअसल, इन सभी को 'ऑब्जेक्टोफिलिया' है, जिसके दौरान निर्जीव वस्तुओं के प्रति शारीरिक या रोमांटिक आकर्षण पैदा हो जाता है। इसमें व्यक्ति का किसी वस्तु से मजबूत रिश्ता बन जाता है और प्रेम की भावना विकसित होने लगती है। वस्तुओं से शादी करना अब तक कानूनी तो नहीं है, लेकिन फिर भी लोग ऐसा करते हैं।