Page Loader
नाइजीरिया की महिला ने 55 घंटे में लिया 90 लोगों का इंटरव्यू, बनाया विश्व रिकॉर्ड 
नाइजीरियाई महिला ने 55 घंटे इंटरव्यू लेकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

नाइजीरिया की महिला ने 55 घंटे में लिया 90 लोगों का इंटरव्यू, बनाया विश्व रिकॉर्ड 

लेखन सयाली
Apr 26, 2024
01:38 pm

क्या है खबर?

नाइजीरिया की क्लारा चिजोबा क्रोनबोर्ग नामक सोशल मीडिया इंटरप्रेन्योर ने 55 घंटे 24 सेकंड के समय के साथ सबसे लंबे समय तक इंटरव्यू लेने का विश्व रिकॉर्ड बनाया है। सबसे लंबे इंटरव्यू का पिछला रिकॉर्ड अमेरिका के रॉब ओलिवर ने 2022 में बनाया था, जो 37 घंटे 44 मिनट चला था। यूट्यूब पर एक टॉक शो होस्ट करने वाली क्लारा ने 90 लोगों का इंटरव्यू लिया, जिनमें राजनेता, व्यापारी, अभिनेता, रियल एस्टेट एजेंट आदि शामिल थे।

मामला

इंटरव्यू के दौरान क्लारा को झेलनी पड़ीं कई कठिनाइयां 

यह रिकॉर्ड प्रयास स्पेन के शहर मार्बेला में एक नौका डेक पर हुआ, जहां क्लारा वर्तमान में रहती हैं। इंटरव्यू के दौरान बातचीत इस बात पर केंद्रित थी कि सभी अतिथियों ने अपने संबंधित क्षेत्र में सफलता कैसे हासिल की। इस गिनीज बुक के रिकॉर्ड को बनाने के प्रयास के बीच क्लारा को तेज धूप और भारी बारिश समेत कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था। क्लारा ने बताया की इस दौरान उनका गला भी खराब हो गया था।

क्लारा

क्लारा देना चाहती हैं लोगों को उनकी कहानी साझा करने के लिए मंच 

क्लारा नाइजीरिया के ओनित्शा में गरीबी में पली-बढ़ी थीं, जिसके कारण वह जिंदगी में सफलता हासिल करना चाहती थीं। उन्होंने कहा, "यह रिकॉर्ड कई लोगों को एक साथ लाने और उनके अनुभवों के बारे में जानने का एक प्रयास था।" क्लारा ने आगे कहा, "मैं मेहनती महिलाओं और लोगों को उनकी कहानी बताने का एक मौका देना चाहती हूं। साथ ही उनकी कहानियों के जरिए अन्य लोगों को चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं।"

तैयारी

क्लारा ने हर एक घंटे पर लिया था 5 मिनट का ब्रेक 

सभी लंबे रिकॉर्ड प्रयासों की तरह क्लारा ने भी इंटरव्यू के दौरान हर 1 घंटे के बाद 5 मिनट का ब्रेक लिया था। इन ब्रेक के दौरान ही उन्हें झपकी लेने, कपड़े बदलने या बाथरूम जाने की अनुमति थी। क्लारा ने इंटरव्यू के अंतराल में ढ़ेर सारा पानी पिया था, जिसके चलते उन्होंने डाइपर पहन रखा था। इसके अलावा क्लारा ने बताया कि उसी दौरान उनके पीरियड भी शुरू हो गए थे, जिस वजह से उनके पेट में दर्द था।

लक्ष्य

लोगों को प्रेरित करने के लिए क्लारा ने कही ये बात

क्लारा को गर्दन और पीठ में भी दर्द का सामना करना पड़ा, जिसे मिटाने के लिए उनकी टीम ने ब्रेक के दौरान उनकी मालिश की थी। इतनी परेशानियां झेलने के बाद भी क्लारा ने हार नहीं मानी और इंटरव्यू जारी रखा। उन्होंने कहा, "मैं सभी लोगों से कहना चाहती हूं कि जब आपको जीवन का लक्ष्य मिल जाए, तो उसे पूरा करने के लिए जी-जान लगा दें।" उन्हें हर नए मेहमान का इंटरव्यू शुरू करते ही ऊर्जा महसूस होती थी।

प्रतिक्रिया

यह रिकॉर्ड बनाकर बेहद खुश हैं क्लारा

क्लारा यह रिकॉर्ड बनाकर खुशी महसूस करती हैं। उन्होंने कहा, "इस दौरान मैंने शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और भावनात्मक रूप से जो कुछ भी सहा, उसे याद करके हैरानी होती है।" क्लारा ने खुशी जताते हुए कहा "मुझे इस उपलब्धि पर बेहद गर्व है, क्योंकि मुझे पता है कि मैंने इसके जरिए लोगों के दिलों को छुआ है। यह उपलब्धि उन लोगों को समर्पित है, जो सपने देखने और उन्हें पूरा करने की हिम्मत रखते हैं।"