LOADING...
उत्तर प्रदेश: पकड़ने के बाद सांप से खेलने लगे पूर्व प्रधान, काटने से गई जान
सांप के साथ खेलते हुए पूर्व प्रधान देवेंद्र मिश्रा (फोटो- NDTV)

उत्तर प्रदेश: पकड़ने के बाद सांप से खेलने लगे पूर्व प्रधान, काटने से गई जान

लेखन गौसिया
Aug 22, 2022
05:56 pm

क्या है खबर?

शाहजहांपुर के पूर्व ग्राम प्रधान देवेंद्र मिश्रा को सांप पकड़ने का बड़ा शौक था। गांव में किसी के घर भी सांप निकलता तो देवेंद्र मिश्रा को पकड़ने के लिए बुलाया जाता था। 18 अगस्‍त को भी एक व्‍यक्ति के घर सांप निकला तो वो वहां पहुंच गए। उन्होंने सांप को पकड़ लिया और फिर वह उसके साथ खेलने लगे। ग्रामीणों ने उनका वीडियो भी बनाया। इसी बीच सांप ने उनको डस लिया और दो दिन बाद उनकी मौत हो गई।

मामला

सांप पकड़ने में माहिर थे पूर्व प्रधान

18 अगस्त को मरुआझाला गांव में एक ग्रामीण के घर सांप निकलने से हड़कंप मच गया। पूर्व प्रधान देवेंद्र मिश्रा सांप पकड़ने में माहिर थे, इसलिए उन्हें मौके पर बुलवाया गया। उन्होंने कुछ ही मिनट में आसानी से सांप को पकड़ लिया। इसके बाद वह सांप के साथ खेलते रहे। उन्होंने सांप को एक बच्ची के गले में भी डालकर दिखाया। आस-पास के लोगों ने इसका वीडियो बनाया। पकड़ने के लगभग दो घंटे बाद देवेंद्र को सांप ने डस लिया।

जानकारी

दो दिन घर में खुद से किया इलाज

सांप के डसने के बाद देवेंद्र अस्पताल जाने के बजाय जड़ी-बूटी का इस्तेमाल कर खुद ही इलाज करने लगे। इस दौरान सांप का जहर धीरे-धीरे पूरे शरीर में फैल गया, जिससे शनिवार को उनकी मौत हो गई। उनकी मौत के बाद ग्रामीणों ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। इससे पहले सांप के डसने के बाद पूर्व प्रधान ने सांप को वापस पकड़कर एक बर्तन के नीचे ढक दिया था, जिससे सांप की भी मौत हो गई।

Advertisement

बयान

अस्पताल जाते पूर्व प्रधान तो बचाई जा सकती थी जान

स्थानीय चिकित्सक डॉ सौभाग्य कटियार ने घटना के बारे में कहा, "जिस हिस्से में सांप ने काटा है, वहां खून की आपूर्ति तुरंत बंद कर देनी चाहिए। उन्हें समय पर एंटी वेनम नामक इंजेक्शन लेना चाहिए था। मामले में अगर उन्होंने उचित चिकित्सा सहायता ली होती तो उनकी जान बच सकती थी।" मिश्रा के परिवार में उनकी पत्नी और पांच बेटे हैं। चार बेटे मजदूरी करने के लिए बाहर रहते हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Advertisement

अन्य मामला

बिहार में डसे जाने पर जिंदा सांप लेकर अस्पताल पहुंच गया था शख्स

बिहार में एक शख्स को खेत में काम करते समय सांप ने डस लिया था। लेकिन वह इस बात से घबराया नहीं। उसने सांप को पकड़कर एक कपड़े की पोटली में बांधा और अस्पताल पहुंच गया। डॉक्टर ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया और पूछा कि कैसे सांप ने काटा तो शख्स ने डॉक्टर के सामने जिंदा सांप रख दिया। उसने ऐसा इसलिए किया क्योंकि सांप के डसने का इलाज करने पर डॉक्टर अक्सर सांप के बारे में पूछते हैं।

Advertisement