Page Loader
कोलकाता: 2010 से अपने सपनों का घर बना रहा किसान, टाइटैनिक जहाज जैसा है आकार   
कोलकाता के किसान ने बनाया टाइटैनिक के आकार वाला घर

कोलकाता: 2010 से अपने सपनों का घर बना रहा किसान, टाइटैनिक जहाज जैसा है आकार   

लेखन अंजली
Apr 11, 2023
05:31 pm

क्या है खबर?

टाइटैनिक जहाज से अमूमन हर कोई परिचित है और इसका डिजाइन कई लोगों को पसंद भी है, लेकिन पश्चिम बंगाल के कोलकाता के एक किसान को यह इतना पसंद आया कि उसने अपने सपनों का घर ही इसके जैसा बना दिया। पीपा न्यूज के मुताबिक, उत्तर 24 परगना के हेलेंचा जिले के निवासी मिंटू रॉय ने साल 2010 में टाइटैनिक जैसा घर बनाना शुरू किया था और इसका निर्माण कार्य अभी भी चल रहा है। आइए पूरी खबर जानते हैं।

मामला

मिंटू ने 13 साल पहले देखा था जहाज जैसा घर बनाने का सपना 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिंटू को अपना घर बनाते हुए 13 साल हो गए हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह साल 2024 तक बनकर तैयार हो जाएगा। पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के फसीदावा इलाके में रहने वाले मिंटू अपना और अपने परिवार का पालन-पोषण खेती से करते हैं। वह अपने पिता के साथ कोलकाता आए थे और यहीं बस गए। कोलकाता में उन्होंने जहाज जैसा दिखने वाला घर बनाने का सपना देखा था।

परेशानियां

मिंटू ने कई परेशानियों का किया सामना

मिंटू ने घर के लिए कई इंजीनियरों से संपर्क किया, लेकिन सभी ने घर बनाने से मना कर दिया, फिर अंत में मिंटू ने अपने दम पर घर बनाने का निर्णय किया। मिंटू ने बताया, "साल 2010 में मैंने जहाज के आकार में घर बनाना शुरू किया, लेकिन इसके लिए बहुत मेहनत करनी पड़ी और उससे भी ज्यादा धैर्य रखना पड़ा। आर्थिक तंगी के कारण कई बार काम ठप हो गया, लेकिन मैंने अपने सपने को नहीं छोड़ा।"

पैसा

मिंटू ने इन तरीकों से घर बनाने के लिए की मेहनत

मीडिया से बातचीत करते हुए मिंटू ने बताया कि जब उसके पास मिस्त्री को देने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे तो वह 3 साल के लिए नेपाल चला गया और मिस्त्री का काम सीखा। इसके साथ ही घर को बनाने के लिए जिन सामानों की जरूरत होती है, उनके लिए मिंटू ने फसल बेचकर पैसे बचाए। मिंटू ने अपने इस घर का नाम अपनी मां के नाम पर रखने की योजना बनाई है।

बयान

घर की ऊपरी मंजिल पर रेस्टोरेंट बनाना चाहता है मिंटू

न्यूज 18 को मिंटू ने बताया कि वह अब तक लगभग 15 लाख रुपये खर्च कर चुका है और उसका घर 39 फीट लंबा और 13 फीट चौड़ा है। करीब 30 फीट ऊंचा यह घर इलाके का मुख्य आकर्षण बन गया है। मिंटू ने कहा, "मैं अगले साल तक काम पूरा करने की कोशिश कर रहा हूं। मैं ऊपर की मंजिल पर बाद में एक रेस्टोरेंट बनाना चाहता हूं, ताकि वहां से मुझे कुछ आमदनी हो सके।"

जानकारी

दुनिया का सबसे बड़ा जहाज था टाइटैनिक

टाइटैनिक दुनिया का सबसे बड़ा और लग्जरी जहाज था, जिसका सफर 10 अप्रैल, 1912 में शुरू हुआ था। हालांकि, 5 दिन बाद यानी 15 अप्रैल को ही यह हिमखंड से टकराकर डूब गया था। इस घटना में करीब 1,517 लोगों की मौत हुई थी।