Page Loader
अमेरिकी यूट्यूबर भोजपुरी और हिंदी बोलकर हुआ मशहूर, वायरल हो रहा वीडियो
बिहार से जुड़ा है ड्रू हिक्स का दिल

अमेरिकी यूट्यूबर भोजपुरी और हिंदी बोलकर हुआ मशहूर, वायरल हो रहा वीडियो

लेखन गौसिया
Sep 17, 2023
07:33 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के रहने वाले ड्रू हिक्स नामक एक यूट्यूबर की कहानी बेहद दिलचस्प है। हिक्स का जन्म भले ही फ्लोरिडा में हुआ था, लेकिन उनका दिल बिहार में है। इतना ही नहीं, हिक्स को बिहार से इस कदर प्यार है कि उन्हें भोजपुरी भाषा भी बखूबी बोलनी आती है। वह सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते समय भी भोजपुरी या हिंदी का इस्तेमाल करते हैं, जिससे उन्होंने भारतीय दर्शकों के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है।

बचपन

कैसे बिहार से जुड़े हिक्स?

जानकारी के मुताबिक, हिक्स जब 5 साल के थे, तब उनके पिता एक्सपोर्ट का बिजनेस करने के लिए अमेरिका से बिहार आए थे। यहां हिक्स करीब 11 साल तक रहें और तब तक उन्होंने बिहारी तौर-तरीका, भाषा और खान-पान समेत लगभग सभी चीजें सीख ली थी। हिक्स ने बिहार की गलियों में ही क्रिकेट खेलना सीखा और वहीं कई दोस्त भी बनाएं। यही वजह है कि हिक्स का दिल पूरी तरह से बिहार से जुड़ा हुआ है।

सोशल मीडिया

भोजपुरी में ही बात करते हुए वीडियो बनाते हैं हिक्स

सोशल मीडिया पर हिक्स भोजपुरी भाषा में बात करते हुए वीडियोज बनाते हैं, जिसे भारतीय दर्शक बेहद पसंद करते हैं। इस कारण वह भारत में भी काफी मशहूर हैं। हिक्स के मुताबिक, जब कोई उन्हें कहता है कि वह असली अमेरिकी नहीं हैं, तो वह आमतौर पर यही कहते हैं कि उनकी बात से उन्हें फर्क नहीं पड़ता है। हालांकि, जब कोई उन्हें कहता है कि वह असली बिहारी नहीं हैं तो उन्हें बहुत गुस्सा आता है।

जगह

भारत की इन जगहों को पसंद करते हैं हिक्स

हिक्स को भारत में स्थित बहुत-सी जगहें पसंद हैं। उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए इन जगहों का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था, "भारत के विविध परिदृश्यों के कारण पसंदीदा जगह चुनना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैं केदारनाथ को वहां पहाड़ों के लिए, जैसलमेर को उसके रेगिस्तानों के लिए, गोवा को उसके समुद्र तटों के लिए और दिल्ली को उसकी पार्टियों के लिए पसंद करता हूं।"

भारतीय व्यंजन

विदेश में भारतीय व्यंजनों की कीमत जानकर रह गए थे हैरान

फिलहाल हिक्स अमेरिका में हैं और वहां जाकर वह भारतीय व्यंजनों की कीमत के बारे में जानकर बेहद हैरान हुए थे। दरअसल, हिक्स अमेरिका के एक रेस्टोरेंट में गए थे, जहां समोसे की कीमत देखकर वह दंग रह गए। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए कहा, "भारत में 2 समोसे की कीमत 20 रुपये है, लेकिन यहां 2 समोसे की कीमत 500 रुपये है। चलो, बिहार वापस चलते हैं, भाई।"

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए हिक्स का वीडियो