Page Loader
अमेरिका: 'बीटल्स बैंड' के रॉकस्टार जार्ज हैरिसन का सितार लगभग 56 लाख में हुआ नीलाम 
जार्ज हैरिसन का सितार लाखों रुपये में हुआ नीलाम

अमेरिका: 'बीटल्स बैंड' के रॉकस्टार जार्ज हैरिसन का सितार लगभग 56 लाख में हुआ नीलाम 

लेखन अंजली
May 01, 2024
02:43 pm

क्या है खबर?

जार्ज हैरिसन एक ब्रिटिश संगीतकार थे, जिन्होंने मशहूर 'बीटल्स बैंड' के गिटारवादक के तौर पर काफी लोकप्रियता हासिल की। आज भले ही जार्ज इस दुनिया में न हों, लेकिन मनोरंजन जगत में वह अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में रहते हैं। अब खबर है कि उनके 59 साल पुराने एक सितार को अमेरिका के लॉस एंजिल्स शहर के नैट डी सैंडर्स नामक नीलामी घर द्वारा नीलाम किया गया है। आइए इस नीलामी के बारे में जानते हैं।

नीलामी

अनुमान से ज्यादा कीमत पर बिका सितार

सितार को नीलामी घर ने 66,993 डॉलर यानी लगभग 56 लाख रुपये में नीलाम किया है, जो अनुमान से अधिक रही। जार्ज ने साल 1965 में लंदन की ऑक्सफोर्ड गली से यह सितार खरीदा था और नॉर्वेजियन वुड के रिकॉर्डिंग सत्र के दौरान इसका इस्तेमाल किया था, जो बैंड के रबर सोल एल्बम में भी प्रदर्शित हुआ। बता दें कि जार्ज ने साल 1966 में पहली बार भारत का दौरा किया था, जहां उन्होंने रविशंकर से सितार बजाना सीखा था।

सितार

दिखने में कैसा है सितार?

जार्ज ने इस सितार का इस्तेमाल 'विदिन यू विदाउट यू' और 'लव यू टू' जैसी एल्बम्स के लिए भी किया था, जिस वजह से इसे बीटल्स की यादगार वस्तुओं में से एक माना जाता है। यह सितार भूरे रंग का है और पूरी तरह से लकड़ी से बना हुआ है और इस पर सोने के रंग की परत भी है, लेकिन इसकी सफेद रंग की तारें टूटी हुई हैं।

अन्य नीलामी

बीटल्स बैंड से जुड़ी इन चीजों की भी हो चुकी है नीलामी

बीते फरवरी के महीने में बीटल्स बैंड के प्रमुख जॉन लेनन की 'फैब फोर के व्हाइट' एल्बम की एक कॉपी 1,59,829 डॉलर यानी 1 करोड़ से ज्यादा रुपये में बिकी थी। जार्ज हैरिसन की पत्नी के निजी संग्रह को लगभग 29 करोड़ रुपये में बेचा गया, जिसमें कलाकृतियां, तस्वीरें, क्रिसमस कार्ड, कपड़े, हस्तलिखित पोस्टकार्ड और संगीतकारों को लिखे उनके पत्र शामिल थे। साल 2015 में बीटल्स बैंड के एक गिटार को करीब 21 करोड़ रुपये में बेचा गया था।

बैंड

1960 में हुई थी 'बीटल्स बैंड' की शुरुआत

दुनियाभर में अपने बेहतरीन संगीत से बैंड को नई पहचान देने वाला मशहूर बैंड बीटल्स को 11 फरवरी, 1960 में बनाया गया था। इसे इंग्लैंड के लिवरपूल में रहने वाले 4 दोस्तों, जॉन, पॉल मेकार्टनी, जॉर्ज हैरिसन और रिंगो स्टार, ने मिलकर बनाया था। इस बैंड ने उस समय इतिहास रचकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं। जब जॉन, पॉल, जॉर्ज और रिंगो ने मिलकर एक ही दिन में 11 गानों को रिकॉर्ड किया था।