Page Loader
 पुर्तगाल का 'बोबी' बना इतिहास का सबसे उम्रदराज कुत्ता, जानिए कितनी है उम्र
दुनिया का सबसे बूढ़ा कुत्ता है पूर्तगाल का बोबी

 पुर्तगाल का 'बोबी' बना इतिहास का सबसे उम्रदराज कुत्ता, जानिए कितनी है उम्र

लेखन गौसिया
Feb 06, 2023
02:10 pm

क्या है खबर?

पुर्तगाल के लेइरिया के ग्रामीण इलाके में रहने वाले 'बोबी' नामक कुत्ते का नाम 'इतिहास के सबसे उम्रदराज कुत्ते' के तौर पर गिनीज बुक में दर्ज किया गया है। उसका जन्म 11 मई, 1992 को हुआ था, यानी उसकी उम्र 30 साल 271 दिन है। बोबी रेफिरो डो एलेंटेजो शुद्ध नस्ल का कुत्ता है, जिनकी औसतन उम्र 12-14 साल के बीच ही होती है। ऐसे में बोबी 30 साल तक जीवित है तो यह एक बड़ी उपलब्धि है।

रिकॉर्ड

कोस्टा परिवार के साथ रहता है बोबी

दुनिया का सबसे उम्रदारज कुत्ता बोबी कॉन्किरोस गांव में कोस्टा परिवार के साथ रहता है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने सोशल मीडिया पर बोबी का एक वीडियो शेयर करते हुए नए रिकॉर्ड की घोषणा की। वीडियो के कैप्शन में लिखा है, 'नया रिकॉर्ड: अब तक का सबसे उम्रदराज कुत्ता, बोबी 30 साल और 266 दिनों का हो चुका है। बोबी के लंबे जीवन का रहस्य उसका आजाद घूमना, मानव भोजन करना और अन्य जानवरों के साथ सामाजिकता है।'

बयान

बचपन में ही बोबी की हो सकती थी मृत्यु

कोस्टा परिवार के सदस्य लियोनेल कोस्टा (38) इस रिकॉर्डधारक कुत्ते की देखभाल करते हैं। गिनीज अधिकारियों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "वो आठ साल के थे तो उनके पास कई कुत्ते थे। इसके बाद बोबी का जन्म चार नर पिल्लों के साथ हुआ था। उस वक्त परिवार पिल्लों को रख पाने की स्थिति में नहीं था, इसलिए घर के बड़े लोगों ने कई पिल्लों को दफना दिया था, लेकिन बोबी बच गया था।"

कारण

बोबी की लंबी उम्र के पीछे हैं ये कारण

बोबी की लंबी उम्र के पीछे के कारणों के बारे में बात करते हुए लियोनेल कोस्टा ने कई चीजें बताईं। उन्होंने कहा, "बोबी हमेशा शहरों से दूर शांत माहौल में रहा है और अन्य जानवरों के बीच बड़ा हुआ है। इससे उसकी सामाजिकता बढ़ गई। हमने उसे कभी भी जंजीर से नहीं बांधकर रखा। वह हमेशा घर के आसपास के जंगलों और खेतों में आजाद घूमता है। साथ ही वह वही खाता है, जो हम खाते हैं।"

दिक्कत

बूढ़े होने की वजह से बोबी को होती हैं ये दिक्कतें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोबी अब बूढ़ा हो गया है, इसलिए वह पहले की तरह अधिक साहसी और एक्टिव नहीं है। उसकी आंखों की रोशनी भी अब धीरे-धीरे खराब हो रही और उसे चलने में थोड़ी मुश्किल होती है। इसके अलावा अब वह अधिक आराम करता है और खाना खाने के बाद बिस्तर पर लेटना पसंद करता है। इसके साथ ही वह अपना खाली समय अपनी चार बिल्ली दोस्तों के साथ गुजारता है।

जानकारी

बोबी ने तोड़ा इन कुत्तों का रिकॉर्ड

बोबी से पहले अमेरिका के ओहियो के रहने वाले स्पाइक ने दुनिया के सबसे बूढ़े जीवित कुत्ते का खिताब अपने नाम किया था। वह चिहुआहुआ मिक्स नस्ल का कुत्ता है और उसकी उम्र 23 साल है। इसके अलावा बोबी ने अब तक के सबसे उम्रदराज कुत्ते 'ब्लू' का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसकी मृत्यु ऑस्ट्रेलिया में 1939 में 29 साल और पांच महीने की उम्र में हुई थी।