Page Loader
ऑस्ट्रेलिया: 34 वर्षीय महिला ने 24 घंटे में लगाए 7,000 से ज्यादा पुल-अप्स, बनाया विश्व रिकॉर्ड
महिला ने 24 घंटे में किए 7,000 पुल-अप्स

ऑस्ट्रेलिया: 34 वर्षीय महिला ने 24 घंटे में लगाए 7,000 से ज्यादा पुल-अप्स, बनाया विश्व रिकॉर्ड

लेखन अंजली
May 30, 2025
07:06 pm

क्या है खबर?

पुल-अप्स एक बॉडीवेट एक्सरसाइज है, जिसके लिए एक रॉड पर लटकते हुए हाथों के जरिए पूरे शरीर के वजन को ऊपर की ओर खींचना होता है। यह एक्सरसाइज करना हर किसी के बस की बात नहीं है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की 34 वर्षीय ओलिविया विंसन नाम की महिला ने 24 घंटे में 7,079 पुल-अप्स करके गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। आइए इस विश्व रिकॉर्ड के बारे में विस्तार से जानते हैं।

पिछला रिकॉर्ड

ओलिविया ने तोड़ा पिछला रिकॉर्ड

ओलिविया ने अपनी ताकत का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पोलैंड में रहने वाली पौला गोर्लो नाम की महिला द्वारा बनाया गया पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जो उन्होंने साल 2021 में 4,081 पुल-अप्स करके बनाया था। इस उपलब्धि को हासिल करने के बाद ओलिविया ने कहा, "मैं एक बड़ी चुनौती की तलाश में थी और मेरे पति ने 24 घंटे पुल-अप्स करने का सुझाव दिया, लेकिन मुझे ये बात मजाक लगा, फिर मैंने सोचा की मैं ऐसा कर सकती हूं।"

रिकॉर्ड

साल 2024 में रिकॉर्ड नहीं बना पाई ओलिविया

ओलिविया ने सितंबर 2024 में रिकॉर्ड बनाने के लिए तीन महीने तक प्रशिक्षण लिया, लेकिन इस दौरान उनके हाथ में चोट लगने की वजह से उन्हें डॉक्टर ने पुल-अप्स करने के लिए मना कर दिया। इसके बाद ओलिविया ने 2 महीने तक आराम किया, फिर उन्होंने अपने प्रशिक्षण को दोबारा शुरू किया। कुछ और महीनों की कड़ी मेहनत और रोजाना 12 घंटे के अभ्यास के बाद ओलिविया ने रिकॉर्ड को हमेशा के लिए अपने करने का ठान लिया।

प्रशिक्षण

ओलिविया ने 24 घंटों में हर मिनट लगभग 5 बार किया पुल-अप्स 

प्रशिक्षण के बाद कुछ दिन बाद ओलिविया गिनीज रिकॉर्ड के प्रयास के लिए आगे बढ़ी और उन्होंने 24 घंटों में हर मिनट लगभग 5 बार पुल-अप्स किया। गिनीज वर्ल्ड ऑफ रिकॉर्ड के मुताबित, ओलिविया ने बताया कि वह प्रयास के 19 घंटे बाद काफी थक चुकी थी, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने आगे कहा, "रिकॉर्ड बनाने के बाद मेरा जीवन के प्रति नजरिया बदल गया है और मेहनत से सब कुछ संभव है।"

अन्य रिकॉर्ड

जापानी व्यक्ति ने 24 घंटे में लगभग 9,000 पुलअप्स करके बनाया रिकॉर्ड

पिछले साल जापान के केंटा अडाची नामक व्यक्ति ने 24 घंटे में 8,940 पुलअप्स करके पुरुष श्रेणी में सबसे अधिक पुलअप्स करने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के गैरी लॉयड नामक व्यक्ति के नाम था, जिन्होंने 8,600 पुलअप्स करके इसे हासिल किया था। रिकॉर्ड प्रयास से 2 साल पहले केंटा ने रोजाना 100 से 200 पुलअप्स करना शुरू किया और धीरे-धीरे समय कम करते हुए पुलअप्स को बढ़ा दिया।