Loading...
61 साल की महिला ने 5 घंटे तक किया प्लांक, तोड़ा अपना ही पुराना रिकॉर्ड
61 साल की महिला ने 5 घंटे किया प्लांक (तस्वीर: इंस्टाग्राम)

61 साल की महिला ने 5 घंटे तक किया प्लांक, तोड़ा अपना ही पुराना रिकॉर्ड

लेखन सयाली
Oct 09, 2026
01:46 pm

क्या है खबर?

आज के दौर में 30 की उम्र तक आते-आते भी लोग जोड़ों के दर्द और अन्य शारीरिक परेशानियों से जूझने लगते हैं। हालांकि, कुछ बुजुर्गों की तंदुरुस्ती और जज्बा इतना ऊंचा होता है कि वे यह साबित कर देते हैं कि उम्र महज एक अंक है। ऐसा ही कुछ डोनाजीन वाइल्ड नाम की एक महिला ने कर दिखाया है, जिन्होनें 61 साल की उम्र में 5 घंटे तक प्लांक करके अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

रिकॉर्ड

डोनाजीन ने किया सबसे ज्यादा देर तक प्लांक

डोनाजीन अमेरिका की रहने वाली हैं, जिन्होनें हंट्समैन वर्ल्ड सीनियर गेम्स में यह कमाल कर दिखाया है। इस खेल के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर उनका वीडियो साझा किया गया, जिसमें वह प्लांक करती हुई नजर आ रही हैं।

इसके जरिए उन्होंने महिलाओं के सबसे लंबे एब्डोमिनल प्लांक का नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया है। उनका यह कारनामा देखकर जवान खेल प्रेमी भी हैरत में पड़ गए थे और उनसे प्रेरित भी हुए।

प्रयास

30 मिनट के अंतर से टूटा पिछले रिकॉर्ड

डोनाजीन ने यह प्लांक 4 अक्टूबर को यूटा में किया था, जिसकी शुरुआत दोपहर 3:03 बजे हुई थी। उन्होंने 5 घंटे प्लांक को बनाए रखा और रात 8:03 बजे उनका यह रिकॉर्ड प्रयास पूरा हुआ।

इस प्रयास के दौरान उन्होंने प्लांक को अपने पिछले रिकॉर्ड की तुलना में 30 मिनट ज्यादा देर तक बनाए रखा था। इस बीच कई जज उनके प्रयास पर नजर रख रहे थे, जो थोड़ी-थोड़ी देर बाद शिफ्ट बदल रहे थे।

ADVERTISEMENT

चुनौती

डोनाजीन ने दर्द को मात देकर पूरा किया रिकॉर्ड

आयोजकों ने बताया कि रिकॉर्ड सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए चुनौती देने वाले के हाथों और पैर की उंगलियां हर समय जमीन को छूते रहने चाहिए।

उन्होंने कहा, "शरीर के बाकी हिस्से को जमीन से ऊपर उठाना होता है और सीधा रखना होता है।" रिकॉर्ड के दौरान डोनाजीन की कोहनी में दर्द हो रहा था।

उन्होंने कहा, "मैं अपना फॉर्म खोने को लेकर परेशान थी, इसी वजह से मेरी जांघों की मांसपेशियों में दर्द हुआ, क्योंकि मैं तनाव में थी।"

ADVERTISEMENT

समय

आखिरी घंटा था काफी मुश्किल- डोनाजीन

डोनाजीन के मुताबिक, उनके रिकॉर्ड प्रयास के पहले 2 घंटे बेहद आसानी से कट गए थे। हालांकि, अगले 2 घंटे उन्हें चुनौती जैसे लगने लगे थे। उन्होंने कहा, "आखिरी घंटे में अपना ध्यान बनाए रखना और अपनी लय को बरकरार रखना सबसे मुश्किल था।"

आखिर के 30 मिनट के दौरान उन्होंने सांस लेने, शांत रहने और न कांपने पर ध्यान दिया। हालांकि, उन्होंने अपना हौसला बनाए रखा और इस रिकॉर्ड को कायम कर दिखाया।

पृष्ठभूमि

डोनाजीन को कैसे हुआ प्लांक एक्सरसाइज से प्यार?

डोनाजीन ने प्लांक करना तब शुरू किया था जब सालों पहले उनकी कलाई में चोट लग गई थी। उन्होंने बताया, "मुझे एहसास हुआ कि प्लांक करते समय मैं पढ़-लिख सकती हूं और दूसरे काम कर सकती हूं और मुझे यह पसंद आने लगा।"

उनका पिछला गिनीज बुक वाला विश्व रिकॉर्ड 4 घंटे, 30 मिनट और 11 सेकंड का था। यह 2024 को कायम किया गया था, जब वह कनाडा के स्कूल में वाइस प्रिंसिपल के तौर पर काम करती थीं।

ADVERTISEMENT