Page Loader
अमेरिका की एयरलाइन 101 साल की महिला को बार-बार समझती रही बच्चा, जानें पूरा मामला
अमेरिका की यह एयरलाइन 101 साल की महिला को समझती रही शिशु

अमेरिका की एयरलाइन 101 साल की महिला को बार-बार समझती रही बच्चा, जानें पूरा मामला

लेखन सयाली
Apr 29, 2024
02:57 pm

क्या है खबर?

अमेरिका की एक एयरलाइन ने पेट्रीशिया नामक 101 वर्षीय महिला को बार-बार बच्चा समझने की गलती की। ऐसा किसी तकनीकी त्रुटि के कारण हुआ। BBC के अनुसार, एयरलाइन के सिस्टम में उनका जन्म वर्ष 1922 की जगह 2022 लिख दिया गया था, जिसके चलते यह गड़बड़ी हुई। इसी बीच एक बार पेट्रीशिया को टर्मिनल पर व्हीलचेयर नहीं उपलब्ध कराई गई क्योंकि कर्मचारी किसी बच्चे के आगमन की उम्मीद कर रहे थे। आइए इस मामले को विस्तार से जानते हैं।

मामला

हवाई अड्डे के कंप्यूटर में डाली गई थी गलत जन्मतिथि 

एयरलाइन का स्टाफ और केबिन क्रू पेट्रीशिया को एक बच्चे के रूप में उड़ान पर ले जाने की उम्मीद कर रहा था। हालांकि, हकीकत जानकर सभी हैरत में पड़ गए। पेट्रीशिया ने कहा , "यह मजाकिया था कि उन्होंने सोचा कि मैं कोई छोटा बच्चा हूं, जबकि मैं एक बूढ़ी औरत हूं।" उन्होंने बताया कि उसकी बेटी ने ऑनलाइन टिकट बुक की थी और हवाई अड्डे के कंप्यूटर ने उसकी जन्मतिथि को 2022 के रूप में डाल लिया था।

गलती

पहली बार नहीं हुई है एयरलाइन से यह गलती 

पेट्रीशिया शिकागो से मिशिगन तक हवाई यात्रा कर रही थीं, जिस दौरान उन्हें BBC के संवाददाता जो टिडी मिले। टिडी ने जब यह गड़बड़ी देखी तो उन्होंने पेट्रीसिया से इसके विषय में बात की थी। पेट्रीशिया ने बताया कि यह गलती पहली बार नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "पिछले साल भी ऐसा ही हुआ था, जब वे मेरी जगह बच्चे के आने की उम्मीद कर रहे थे।" ये समस्या तब शुरू हुई, जब वह 100 साल की हो गईं।

हल

पेट्रीशिया चाहती हैं जल्द ठीक हो यह त्रुटि 

पेट्रीशिया ने कहा कि वह हर साल परिवार से मिलने के लिए हवाई यात्रा करती थीं, लेकिन 100 साल की उम्र से यह समस्या लगातार होती आई है। 97 साल की उम्र तक वह हमेशा अकेले यात्रा करती थीं, लेकिन उनकी आखों में तकलीफ के कारण उन्हें परिवार के सदस्यों के साथ आना-जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि वह आशा करती हैं कि एयरलाइन इस त्रुटि को जल्द ठीक करे, क्योंकि उनकी बेटी को हर बार भाग-दौड़ करनी पड़ती है।

अगली उड़ान 

पेट्रीशिया अपनी अगली उड़ान के लिए हैं उत्सुक 

अपने पिछले अनुभव का जिक्र करते हुए पेट्रीशिया ने बताया कि उन्हें और उसकी बेटी को काफी देर तक विमान के अंदर ही इंतजार करना पड़ा था, क्योंकि उनके लिए व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके बावजूद वह शरद ऋतु में फिर से अपने परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए हवाई यात्रा करेंगी, जिसका उन्हें बेसब्री से इंतजार है। पेट्रीशिया अपनी अगली उड़ान तक 102 साल की हो जाएंगी।