कौन हैं राजस्थान के जय मूंदड़ा जिन्होंने आयरलैंड के लिए भारत के खिलाफ किया डेब्यू?
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम और आयरलैंड क्रिकेट टीम के बीच बेलफास्ट में खेले जा रहे पहले टी-20 मुकाबले में दोनों टीमों ने नए दौर की शुरुआत की है। आयरलैंड के लिए राजस्थान के रहने वाले जय मूंदड़ा ने अपना डेब्यू किया है। दोनों टीम नए कप्तानों के साथ उतरी है। आयरलैंड के लिए लोरकन टकर ने पॉल स्टर्लिंग की जगह नेतृत्व संभाली है, जबकि भारत की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। उन्होंने सूर्यकुमार यादव की जगह ली है।
डेब्यू
राजस्थान के टोंक के रहने वाले हैं जय
राजस्थान के टोंक में 10 जनवरी 1997 को जन्मे जय शुरुआत तेज गेंदबाज के तौर पर की थी, लेकिन बाद में खुद को शीर्ष क्रम के बल्लेबाज और बाएं हाथ के स्पिनर के रूप में भी ढाला। इसके बाद वह फिर से तेज गेंदबाजी की ओर लौटे। जय 2021 में एमटेक की पढ़ाई के लिए छात्र वीजा पर आयरलैंड गए। वहां उन्होंने क्रिकेट से नाता नहीं तोड़ा और डबलिन के लेइनस्टर क्रिकेट क्लब से जुड़कर अपने खेल को जारी रखा।
क्रिकेट
2019 में क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया था
जय ने 2019 में क्रिकेट छोड़ने तक का मन बना लिया था। कॉलेज की पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्हें लगा कि अगर उन्हें फुल-टाइम कॉरपोरेट नौकरी मिल गई तो उनका क्रिकेट करियर खत्म हो जाएगा। हालांकि, उन्होंने खेल को एक आखिरी मौका देने का फैसला किया। क्रिकेट आयरलैंड से बातचीत में उन्होंने कहा, "मैं क्रिकेट को आखिरी मौका देना चाहता था, इसलिए नौकरी का रास्ता छोड़कर अपने सपने का पीछा करने का फैसला किया।"
नागरिकता
2025 में मिली आयरलैंड की नागरिकता
राजस्थान में जन्मे जय को 2025 में आयरलैंड की नागरिकता मिल गई। इसके बाद उन्होंने आयरलैंड की घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर अपनी पहचान मजबूत की। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जय निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं। घरेलू क्रिकेट में उनके हरफनमौला प्रदर्शन का इनाम उन्हें साल 2026 में मिला, जब उन्हें पहली बार आयरलैंड की सीनियर टीम में शामिल किया गया।
कप्तान
आयरलैंड के कप्तान ने जय को लेकर कही ये बात
आयरलैंड के कप्तान टकर ने जय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "नई गेंद से जय अच्छी गेंदबाजी करता है। बाएं हाथ के गेंदबाज होने के कारण उनका एंगल अलग है और नई गेंद को स्विंग कराने की उनकी क्षमता काफी प्रभावशाली है। उनके पास अच्छी रफ्तार भी है। टी-20 क्रिकेट में एक तेज गेंदबाज से जिन खूबियों की उम्मीद की जाती है, वे सभी जय के पास मौजूद हैं।"