LOADING...
विराट कोहली का 2022 में टी-20 क्रिकेट में कैसा रहा है प्रदर्शन?
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शानदार रहा कोहली का प्रदर्शन (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

विराट कोहली का 2022 में टी-20 क्रिकेट में कैसा रहा है प्रदर्शन?

Nov 27, 2022
07:39 pm

क्या है खबर?

भारतीय टीम ने इस साल अपना आखिरी टी-20 मैच न्यूजीलैंड दौरे पर खेल लिया है। यह साल भारत के प्रमुख बल्लेबाज विराट कोहली के लिए शानदार बीता है। वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय में इस साल भारत से दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। साल की शुरुआत में कोहली अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे लेकिन उन्होंने साल का अंत होने तक बेहतरीन लय हासिल कर ली थी। इस साल कोहली के टी-20 क्रिकेट के प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय

इस साल टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कोहली का प्रदर्शन

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में कोहली इस साल सूर्यकुमार यादव (1,164) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज रहे हैं। पूर्व भारतीय कप्तान ने इस साल 20 मैच खेले, जिसमें 55.78 की उम्दा औसत और 138.23 की स्ट्राइक रेट से 781 रन अपने नाम किए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और आठ अर्धशतक लगाए हैं। इस साल उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 66 चौके और 26 छक्के लगाए हैं।

एशिया कप 2022

एशिया कप 2022 में कोहली ने किया था कमाल

कोहली ने एशिया कप 2022 में जबरदस्त प्रदर्शन किया था और दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्होंने पांच मैचों में 92 की औसत और 147.59 की स्ट्राइक रेट के साथ 276 रन बनाए थे। उनसे ज्यादा रन सिर्फ पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने बनाए थे। रिजवान ने छह मैचों में 56.20 की औसत से सबसे ज्यादा 281 रन बनाए थे। कोहली और रिजवान ही दो ऐसे बल्लेबाज रहे थे, जिन्होंने टूर्नामेंट में 200 से ज्यादा रन बनाए।

टी-20 विश्व कप 2022

टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन

भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया में खेले गए टी-20 विश्व कप 2022 में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, जिसमें कोहली ने अहम भूमिका निभाई थी। कोहली इस बार सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। उन्होंने छह मैचों में 98.66 की औसत और 136.40 की स्ट्राइक रेट से 296 रन बनाए थे। इस बीच उन्होंने 82* के सर्वोच्च स्कोर के साथ चार अर्धशतक भी लगाए थे।

IPL 2022

IPL 2022 में कोहली का प्रदर्शन

कोहली के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से खेलते हुए 16 मैचों में 22.73 की औसत और 115.99 की स्ट्राइक रेट से 341 रन बनाए थे। इस बीच वह 73 के सर्वोच्च स्कोर के साथ सिर्फ दो अर्धशतक लगा पाए थे। वह पिछले सीजन में 22वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। कोहली के IPL करियर में अब तक 6,624 रन हो गए हैं।