पिछले 100 मैचों से शतक नहीं लगा सके हैं विराट कोहली, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा है।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के पूर्व कप्तान कोहली अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) के खिलाफ बिना खाता खोले ही आउट हो गए थे।
पांच साल में यह पहली बार हुआ, जब वह IPL में डक पर आउट हुए हों।
इस बीच बिना शतक बनाए कोहली ने 100 प्रतिस्पर्धी मैच खेल लिए हैं।
आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
नवंबर 2019 से शतक नहीं लगा सके हैं कोहली
विराट कोहली अब बिना शतक के सभी प्रारूपों में 100 प्रतिस्पर्धी मैच (IPL समेत) खेल चुके हैं। उन्होंने पिछले 17 टेस्ट, 21 वनडे, 25 टी-20 अंतरराष्ट्रीय और 37 IPL मैच खेलने के बावजूद कोई शतक नहीं लगाया है।
कोहली ने नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए डे-नाइट टेस्ट में 136 रनों की पारी खेली थी। यह कोहली का 70वां अंतरराष्ट्रीय शतक था। इसके बाद से वह किसी भी फॉर्मेट में कोई शतक नहीं लगा सके हैं।
प्रदर्शन
टेस्ट और वनडे में खराब रहा है हालिया प्रदर्शन
नवंबर 2019 के बाद से कोहली का औसत वनडे में 40 से कम (37.66) और टेस्ट में 30 से कम (28.03) रहा है।
श्रीलंका के खिलाफ भारत की पिछली टेस्ट सीरीज में भी उनका प्रदर्शन खराब रहा था।
कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट की तीन पारियों में सिर्फ 81 रन बनाए।
नवंबर 2019 के बाद से उन्होंने 30 टेस्ट पारियों में सिर्फ 841 रन और 21 वनडे में 791 रन बनाए थे।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय
टी-20 अंतरराष्ट्रीय में खूब चला है कोहली का बल्ला
टेस्ट और वनडे में भले ही कोहली का प्रदर्शन फीका रहा है, लेकिन टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया है।
दिसंबर 2019 से अब तक खेले 25 टी-20 मैचों की 22 पारियों में कोहली ने 56.40 की औसत के साथ 846 रन बनाए हैं।
इस दौरान कोहली ने नाबाद 94 के सर्वोच्च स्कोर के साथ आठ अर्धशतक लगाए हैं। कोहली इस दौरान केवल एक बार शून्य पर आउट हुए हैं।
IPL 2022
IPL 2022 में कुछ कमाल नहीं कर सके हैं कोहली
कोहली इस सीजन में RCB की कप्तानी भी नहीं कर रहे हैं, ऐसे में उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी। हालांकि, वह अब तक दबाव में नजर आए हैं।
टीम के अच्छे प्रदर्शन के बावजूद कोहली का व्यक्तिगत प्रदर्शन खराब रहा है।
IPL 2022 में उन्होंने सात मैचों में 19.83 की औसत से केवल 119 रन बनाए हैं। इस बीच वह कोई अर्धशतक भी नहीं लगा सके हैं।
जानकारी
IPL में सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज हैं कोहली
कोहली IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 206 पारियों में 129.83 के स्ट्राइक रेट से 6,402 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने पांच शतक और 42 अर्धशतक भी लगाए हैं।
उपलब्धि
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल कर चुके हैं कोहली
अपने नाम 70 शतकों के साथ कोहली सभी प्रारूपों में सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय शतकों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
वह केवल सचिन तेंदुलकर (100) और रिकी पोंटिंग (71) से पीछे हैं।
कोहली (23,650 रन) क्रिकेट के इतिहास में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में सातवें स्थान पर हैं।
वह सचिन तेंदुलकर (34,357) और राहुल द्रविड़ (24,208) के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 से अधिक रन वाले सिर्फ तीसरे भारतीय हैं।
क्या आप जानते हैं?
न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)
जनवरी 2016 से नवंबर 2019 के बीच कोहली ने 158 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 71.24 की औसत से 10,331 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 36 शतक और सात दोहरे शतक लगाए। टेस्ट में उनका औसत 66.79, वनडे में 83.73 और टी-20 में 55.15 का रहा था।