Page Loader
IPL 2025 की नीलामी में ये खिलाड़ी रहे सबसे महंगे 
ऋषभ पंत को नीलामी में मिले 27 करोड़ रुपये (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2025 की नीलामी में ये खिलाड़ी रहे सबसे महंगे 

Nov 24, 2024
07:32 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 की नीलामी में हर बार की तरह इस बार भी खिलाड़ियों में खूब धनवर्षा हुई। सऊदी अरब के जेद्दा में हुई बड़ी नीलामी में 24 नवंबर को लीग इतिहास के पिछले सारे रिकॉर्ड टूट गए। भारत के ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने 27 करोड़ रुपये देकर अपने साथ शामिल किया। पंत IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं। इस बार बिके सबसे महंगे खिलाड़ियों के बारे में जानते हैं।

#1

ऋषभ पंत (27 करोड़ रुपये)

पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी करने वाले पंत इस बार 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस के साथ नीलामी में उपलब्ध थे। उनके पीछे SRH ने भी 20.50 करोड़ रुपये तक बोली लगाई थी। इससे पहले साल 2016 से पंत DC की फ्रेंचाइजी का हिस्सा थे। उन्होंने अब तक 111 मुकाबले खेले और इसकी 110 पारियों में 35.31 की औसत से 3,284 रन बनाने में कामयाब रहे। उनके बल्ले से 1 शतक और 18 अर्धशतक निकले।

#2 

श्रेयस अय्यर (26.75 करोड़ रुपये)

पिछले सीजन में अपनी कप्तानी में KKR को खिताब जिताने वाले श्रेयस अय्यर पर खूब धनवर्षा हुई। अय्यर को पंजाब किंग्स ने 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा। अय्यर ने अपना पहला IPL मैच साल 2015 में खेला था। उन्होंने अब तक 115 मुकाबले खेले हैं और 32.24 की औसत से 3,127 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 127.48 की रही है। उनके बल्ले से 21 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 96 रन रहा है।

#3

वेंकटेश अय्यर (23.75 करोड़ रुपये)

वेंकटेश अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा है। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये था। उनके पीछे नीलामी में RCB ने खूब दिलचस्पी दिखाई, लेकिन आखिरकार KKR ने बाजी मारी। वेंकटेश ने अपने IPL करियर अब तक 51 मैचों में 31.57 की औसत और 137.12 की स्ट्राइक रेट से 1,327 रन बना लिए हैं। IPL 2024 में उन्होंने 15 मैचों में 46.25 की औसत से 370 रन बनाए थे।

#4  

युजवेंद्र चहल (18 करोड़ रुपये) 

युजवेंद्र चहल को पंजाब किंग्स ने 18 करोड़ रुपये में अपने साथ शामिल किया। वह लीग के सबसे महंगे भारतीय स्पिन गेंदबाज बन गए हैं। इस स्टार खिलाड़ी ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये तय किया हुआ था। चहल ने IPL में अब तक 160 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 22.44 की उम्दा औसत के साथ 205 विकेट झटके हैं। वह लीग इतिहास में फिलहाल सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

#5 

अर्शदीप सिंह (18 करोड़ रुपये)

अर्शदीप को पंजाब किंग्स (PBKS) ने RTM का इस्तेमाल करते हुए 18 करोड़ रुपये में अपने साथ बरकरार रखा। अर्शदीप ने अपना पहला मुकाबला साल 2019 में खेला था। उन्होंने 65 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 27 की औसत से 76 विकेट लेने में सफल रहे हैं। उनकी इकॉनमी रेट 9.02 की रही है। इस खिलाड़ी ने 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/32 का रहा है।