IPL डेब्यू पर 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीतने में सफल रहे हैं ये खिलाड़ी
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) ने गुजरात टाइटंस (GT) को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में PBKS की ओर से अपना IPL डेब्यू करने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनॉली ने नाबाद 72 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया। वह यह कारनामा करने वाले 19वें खिलाड़ी बने हैं।
बल्लेबाजी
कैसी रही कॉनॉली की पारी और साझेदारी?
PBKS को 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 7 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद आए कॉनॉली ने प्रभसिमरन सिंह (37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 76 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर (18) के साथ 27 रन की साझेदारी निभाकर टीम को मजबूती दी। आखिर में उन्होंने 44 गेंदों में 5 चौके और 5 छक्कों से 72* रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
पुरस्कार
IPL डेब्यू पर इन खिलाड़ियों ने जीता है 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार
कॉनॉली से पहले IPL डेब्यू पर 18 खिलाड़ी 'प्लेयर ऑफ द मैच' पुरस्कार जीतने में सफल रहे हैं। इनमें ब्रैंडन मैकुलम, माइक हसी, फरवीज महरूफ, शोएब अख्तर और श्रीवत्स गोस्वामी (IPL 2008), रस्टी थेरॉन (2010), प्रशांत परमेश्वरन (2011), रिचर्ड लेवी और स्टीव स्मिथ (2012), मनन वोहरा (2013), एंड्रयू टाई (2017), जोफ्रा आर्चर (2018), अल्जारी जोसेफ और हैरी गुरनी (2019), ओडेन स्मिथ (2022), मयंक यादव (2024), अश्विनी कुमार (2025) और जैकब डफी (2026) शामिल हैं।
करियर
कैसा रहा है कॉनॉली का टी-20 करियर?
कॉनॉली ने अब तक 53 टी-20 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 46 पारियों में करीब 24 की औसत से 942 रन बनाए हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 132.62 की रही है। इस खिलाड़ी के बल्ले से 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 77 रन रहा है। गेंदबाजी में इस खिलाड़ी ने 37 पारियों में 24.13 की औसत से 30 विकेट चटकाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/23 का रहा है। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस खिलाड़ी ने 11 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं।