सूर्यकुमार यादव ने दुबई में खरीदी आलीशान संपत्ति, बताया इसके पीछे का कारण
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दुबई में एक बेहद लग्जरी और आलीशान संपत्ति खरीदी है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर उन्होंने खुद इस बात की घोषणा की, जिसमें उनकी पत्नी देविशा शेट्टी भी उनके साथ नजर आ रही हैं। सूर्यकुमार ने बताया कि इस संपत्ति को खरीदने के पीछे बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान का एक खास कनेक्शन है। आइए जानते हैं उन्होंने इस मामले पर क्या कुछ कहा है।
संबंध
शाहरुख से क्या है संपत्ति का संबंध
सूर्यकुमार ने दुबई में जिस आलीशान आवासीय संपत्ति में निवेश किया है, उसका नाम 'शाहरुख्स रेजिडेंस' है।
सूर्यकुमार ने वीडियो में बताया कि जैसे ही उन्हें पता चला कि शाहरुख के नाम पर यहां एक शानदार बिल्डिंग बन रही है, तो उनके मन में इसे खरीदने को लेकर कोई दूसरा विचार नहीं आया।
बता दें कि इस संपत्ति में खिलाड़ियों और निवासियों के लिए हाइपरबेरिक ट्रीटमेंट, रेड लाइट थेरेपी और क्रायोथेरेपी जैसी विश्व स्तरीय सुविधाएं मौजूद हैं।
बयान
सूर्यकुमार ने संपत्ति को लेकर क्या दिया बयान?
दुबई में रहने और वहां की जीवनशैली की तारीफ करते हुए सूर्यकुमार ने कहा, "मैं पहली बार 2014 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) खेलने के लिए दुबई आया था। इसके बाद हम 2020 में दोबारा आए। अब पूरा भारत दुबई आ रहा है। सुरक्षा भारत में भी अच्छी है, जहां मैं मुंबई में रहता हूं, लेकिन दुबई में भी सुरक्षा का स्तर काफी बेहतरीन है। यहां आकर मुझे बहुत सुकून मिलता है और मैं यहां बेहद खुश महसूस करता हूं।"
सुविधा
संपत्ति की सुविधाओं पर क्या बोले सूर्यकुमार?
सूर्यकुमार ने कहा, "शाहरुख की बिल्डिंग होने के अलावा, यहां की मुख्य बात इसका इंटीरियर वर्क और क्वालिटी है। मैंने यहां एक और कमाल की चीज देखी कि बिना किसी जांच के ही आप अपने शरीर के सभी लेवल्स (जैसे ब्लड शुगर आदि) जान सकते हैं। यह सच में बहुत शानदार है।"
बता दें कि दुबई के अलावा, सूर्यकुमार ने इसी साल मुंबई के पॉश इलाके चेम्बूर में 'गोदरेज स्काई टेरेसेस' में 7.18 करोड़ का एक अपार्टमेंट भी खरीदा था।