श्रीलंका बनाम भारत: टी-20 सीरीज में इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है टक्कर
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच 27 जुलाई से टी-20 सीरीज की शुरुआत हो जाएगी।
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ 19 टी-20 मैच जीते हैं और सिर्फ 9 मैच हारे हैं।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इस वर्चस्व को बरकरार रखने का प्रयास करेगी।
इस टी-20 सीरीज में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है, उन पर एक नजर डालते हैं।
#1
शुभमन गिल बनाम मथीशा पथिराना
टी-20 सीरीज में भारत को अच्छी शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी शुभमन गिल पर रहने वाली है। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली सीरीज में 170 रन बनाए थे।
उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 3 पारियों में 58 रन बनाए हैं। वह अपने प्रदर्शन में सुधार करना चाहेंगे।
उनके सामने मथीशा पथिराना चुनौती पेश कर सकते हैं। ऐसी खबरें हैं कि दुष्मंता चमीरा चोट के कारण इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे और पथिराना नई गेंद से मोर्चा संभालते हुए दिख सकते हैं।
#2
सूर्यकुमार यादव बनाम महेश तीक्षणा
सूर्यकुमार का श्रीलंका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन रहा है। उन्होंने इस टीम के विरुद्ध 5 पारियों में 63.50 की औसत और 158.75 की स्ट्राइक रेट से 254 रन बनाए हैं।
उनके सामने महेश तीक्षणा अपना प्रभाव छोड़ने का प्रयास करेंगे।
इस स्पिनर के खिलाफ सूर्यकुमार ने 31 गेंदों पर 2 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 47 रन बनाए हैं। इस बीच तीक्षणा भारतीय बल्लेबाज को आउट करने में असफल रहे हैं।
#3
कुसल मेंडिस बनाम अर्शदीप सिंह
श्रीलंकाई टीम को अपने अनुभवी बल्लेबाज कुसल मेंडिस से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। उन्होंने भारत के विरुद्ध 37.66 की औसत के साथ 226 रन बनाए हैं।
उनके सामने अर्शदीप सिंह की चुनौती रहने वाली है।
नई गेंद से विकेट लेने के लिए मशहूर अर्शदीप अब तक मेंडिस के खिलाफ विफल रहे हैं। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने मेंडिस के खिलाफ 12 गेंदों में 25 रन दिए हैं और वह उन्हें आउट करने में असफल रहे हैं।
#4
वनिंदु हसरंगा बनाम हार्दिक पांड्या
वनिंदु हसरंगा हाल ही में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन से प्रभावित करने में सफल रहे हैं।
मध्यक्रम में अच्छी बल्लेबाजी के अलावा हसरंगा एक अच्छे लेग स्पिनर भी हैं। वह अपनी गेंदबाजी से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। दूसरी तरफ भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को कलाई स्पिनर्स का सामना करना पसंद है।
हार्दिक ने हसरंगा के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 18 गेंदों में 14 रन बनाए हैं और वह इस बीच आउट नहीं हुए हैं।