Loading...
कोलंबो टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल की बदौलत भारत ने बनाए 300 रन, ऐसा रहा पहला दिन 
पडिक्कल ने खेली उम्दा पारी (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

कोलंबो टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल की बदौलत भारत ने बनाए 300 रन, ऐसा रहा पहला दिन 

Aug 23, 2026
05:34 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के दूसरे कोलंबो टेस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी पहली पारी में स्टंप्स तक 5 विकेट के नुकसान पर 300 रन बनाए। मेहमान टीम से देवदत्त पडिक्कल (117) ने शतक लगाया। उनके अलावा कप्तान शुभमन गिल (50) ने अर्धशतकीय पारी खेली। पहले दिन के स्टंप्स तक क्रीज पर फिलहाल सारांश जैन (4) और ध्रुव जुरेल (7) मौजूद हैं। आइए पहले दिन के खेल पर एक नजर डालते हैं।

सलामी जोड़ी 

बड़ी पारी नहीं खेल सके राहुल, अर्धशतक से चूके जायसवाल 

टॉस जीतकर पारी की शुरुआत करने आए केएल राहुल बड़ी पारी नहीं खेल सके। वह 37 रन टीम के स्कोर पर पहले विकेट के रूप में आउट हुए।

उन्होंने 33 गेंदों का सामना करते हुए 18 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और एक छक्का शामिल रहा।

वहीं, राहुल के सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल अर्धशतक से चूक गए। वह 53 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 45 रन बनाकर आउट हुए।

गिल 

गिल ने खेली 50 रन की पारी, जडेजा ने भी दिया उपयोगी योगदान 

भारतीय टीम को अपनी पहली पारी में 66 रन के कुल स्कोर पर दूसरा झटका लगा था। उसके बाद गिल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे थे।

उन्होंने अपने टेस्ट करियर का 9वां और श्रीलंका टीम के खिलाफ पहला अर्धशतक लगाया।

भारतीय कप्तान 108 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 50 रन बनाकर आउट हुए।

भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा अर्धशतक पूरा नहीं कर सके और 43 रन बनाकर आउट हुए।

ADVERTISEMENT

पडिक्कल

पडिक्कल ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी 

नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए पडिक्कल को जीवनदान मिले, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।

उन्होंने शुरुआती गलतियों से सबक लेते हुए सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ डटकर बल्लेबाजी की और 90 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

उन्होंने शुभमन गिल के साथ मिलकर 120 रन की साझेदारी भी की।

पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।

वह 193 गेंदों में 117 रन बनाकर आउट हुए।

ADVERTISEMENT

रिकॉर्ड्स 

पडिक्कल ने बनाए ये रिकॉर्ड्स 

भारत के नंबर-3 बल्लेबाजों द्वारा विदेशों में लगातार 2 टेस्ट में शतक लगाने का पिछला कारनामा चेतेश्वर पुजारा ने किया था।

पुजारा ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2018-19 में मेलबर्न में 106 और 0 रन, और उसके बाद सिडनी में 193 रन की पारियां खेलीं थी।

पडिक्कल अब श्रीलंका में खेली गई एक टेस्ट सीरीज में 2 शतक लगाने वाले 7वें भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे पहले विनोद कांबली, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, शिखर धवन और पुजारा ऐसा कर चुके हैं।

गेंदबाजी 

ऐसी रही श्रीलंका की गेंदबाजी

श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने जायसवाल, गिल और जडेजा के रूप में उपयोगी विकेट लिए। उन्होंने अपने 16 ओवर में 46 रन दिए।

बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर प्रभात जयसूर्या कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने 27 ओवर में 90 रन लुटाए।

लाहिरु कुमार के हिस्से में एक विकेट आया। उन्होंने राहुल के रूप में अपना इकलौता विकेट लिया।

केशरा नुवानथा ने भी एक विकेट हासिल किया। उन्होंने 22 ओवर में 93 रन दिए।

पंत 

पंत हुए रिटायर्ड हर्ट 

तेज गेंदबाज कुमारा ने भारतीय पारी के 58वें ओवर की पहली गेंद एक तीखी और तेज रफ्तार बाउंसर फेंकी थी।

पंत ने इस पर अपना पसंदीदा पुल शॉट खेलने का प्रयास किया। हालांकि, गेंद की अतिरिक्त गति के कारण वह चूक गए और गेंद सीधे उनके दस्ताने में लगी।

गेंद लगते ही पंत ने तुरंत अपना बल्ला छोड़ दिया और गंभीर दर्द में हाथ पकड़कर बैठ गए।

मैदान छोड़ने से पहले वह 3 रन बना पाए थे।

ADVERTISEMENT