Loading...
कोलंबो टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ लगाया लगातार दूसरा टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स
पडिक्कल ने लगाया लगातार दूसरा शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

कोलंबो टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ लगाया लगातार दूसरा टेस्ट शतक, ये बनाए रिकॉर्ड्स

Aug 23, 2026
04:48 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के शीर्षक्रम के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका दौरे पर अपना शानदार फॉर्म जारी रखा। नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने सीरीज के दूसरे कोलंबो टेस्ट की अपनी पहली पारी में शतक (117) लगाया। यह उनका लगातार दूसरा टेस्ट शतक साबित हुआ। इससे पहले उन्होंने सीरीज के पहले गॉल टेस्ट में 167 रन की पारी खेली थी। इस बीच पडिक्कल की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

शानदार रही पडिक्कल की पारी 

पडिक्कल को आते ही 0 और 1 रन पर जीवनदान मिले, जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।

उन्होंने शुरुआती गलतियों से सबक लेते हुए सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ डटकर बल्लेबाजी की और 90 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

इस बीच उन्होंने शुभमन गिल के साथ मिलकर 120 रन की साझेदारी की।

पहले दिन के तीसरे सत्र के दौरान उन्होंने अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।

वह 12 चौकों की बदौलत 117 रन बनाकर आउट हुए।

रिकॉर्ड्स 

पडिक्कल ने बनाए ये रिकॉर्ड्स

भारत के नंबर-3 बल्लेबाजों द्वारा विदेशों में लगातार 2 टेस्ट में शतक लगाने का पिछला कारनामा चेतेश्वर पुजारा ने किया था। पुजारा ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2018-19 में मेलबर्न में 106 और 0 रन, और उसके बाद सिडनी में 193 रन की पारी खेली थी।

पडिक्कल अब श्रीलंका में खेली गई एक टेस्ट सीरीज में 2 शतक लगाने वाले 7वें भारतीय बल्लेबाज बने।

उनसे पहले विनोद कांबली, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, शिखर धवन और पुजारा ऐसा कर चुके हैं।

ADVERTISEMENT

सीरीज 

श्रीलंका में एक सीरीज में 300+ रन बनाने वाले छठे भारतीय 

पडिक्कल इस सीरीज में 300 से अधिक रन बना चुके हैं। इस सीरीज के पहले टेस्ट में उन्होंने 167 और 44 रन के स्कोर किए थे और भारतीय टीम को जीत मिली थी।

वह श्रीलंका में एक टेस्ट सीरीज में 300+ रन बनाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने।

उनसे पहले तेंदुलकर (390 रन, 2010), धवन (358 रन, 2017), सहवाग (348 रन, 2010 और 344 रन, 2008), गौतम गंभीर (310 रन, 2008), और पुजारा (309 रन, 2017) ऐसा कर चुके थे।

ADVERTISEMENT

करियर 

ऐसा है पडिक्कल का टेस्ट करियर

पडिक्कल ने 2024 में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था।

उन्होंने अब तक 4 टेस्ट की 6 पारियों में उन्होंने 400 से अधिक रन बनाए है।

उन्होंने 2 शतक के अलावा एक अर्धशतक भी लगाया है।

पडिक्कल ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 58 मैच खेले हैं, जिसकी 96 पारियों में लगभग 45 की औसत के साथ 4,000 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 11 शतक लगाए हैं।

ADVERTISEMENT