
तीसरा टी-20: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 202 रन का लक्ष्य, सूर्यकुमार-यशस्वी की उम्दा पारियां
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम और भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के तीसरे मुकाबले में गुरुवार को आमने-सामने हो रही हैं।
भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए।
भारत के लिए सूर्यकुमार यादव सबसे अधिक 100 रन बनाने में कामयाब रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज और लिजार्ड विलियम्स ने 2-2 विकेट लिए।
आइए भारत की पारी पर एक नजर डालते हैं।
बल्लेबाजी
ऐसी रही भारत की बल्लेबाजी
भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (12) आउट होकर चलते बने।
इसके बाद इसी स्कोर पर ही टीम को तिलक वर्मा (0) के दूसरे में दूसरा झटका भी लग गया।
तीसरे विकेट के लिए कप्तान सूर्यकुमार और यशस्वी जायसवाल ने 70 गेंदों में 112 रन जोड़े।
इसके बाद चौथे विकेट के लिए सूर्यकुमार और रिंकू सिंह (14) के बीच 27 गेंदों में 47 रन की साझेदारी हुई।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
तिलक भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से तीसरे सबसे अधिक बार शून्य पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। सूची में दूसरे नंबर पर श्रेयस अय्यर और वाशिंगटन सुंदर (3-3) हैं। पहले नंबर पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (4) हैं।
रिपोर्ट
सूर्यकुमार ने जमाया चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक
शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने के बाद बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरे सूर्यकुमार ने टीम के लिए एक शानदार पारी खेली।
उन्होंने 181.82 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 100 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 8 छक्के निकले।
सूर्यकुमार के टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का यह चौथा शतक रहा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह उनका इस प्रारूप में पहला शतक रहा।
जानकारी
सूर्यकुमार के नाम संयुक्त रूप से सर्वाधिक टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक
सूर्यकुमार (4) टी-20 अंतरराष्ट्रीय में संयुक्त रूप से सबसे अधिक शतक जमाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल और रोहित की बराबरी हासिल की। सूर्यकुमार का यह सेना देशों में तीसरा टी-20 शतक रहा। अन्य सभी भारतीयों ने मिलकर 2 शतक जमाए हैं।
रिपोर्ट
सूर्यकुमार के नाम दर्ज हुई खास उपलब्धि
सूर्यकुमार ने इस पारी के दौरान कुछ खास उपलब्धि भी अपने नाम की।
वह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसके घर में संयुक्त रूप से सर्वाधिक 50+ स्कोर (2) बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने रोहित की बराबरी हासिल की।
इसके अलावा सूर्यकुमार (3) बतौर भारतीय कप्तान टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरे सबसे अधिक 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बने।
इस सूची में पहले नंबर पर विराट कोहली (13) और दूसरे नंबर पर रोहित (12) हैं।
रिपोर्ट
यशस्वी का टी-20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरा अर्धशतक
यशस्वी ने दक्षिण अफ्रीका के मजबूत गेंदबाजों आक्रमण के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैदान के हर कोने में शॉट जमाए।
गुरुवार को उन्होंने अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का तीसरा अर्धशतक जमाया।
उन्होंने अपनी पारी में 146.34 की स्ट्राइक रेट से 41 गेंदों में 60 रन बनाए। उन्होंने इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के भी जमाए।
शुरुआत में वह कुछ दबाव में दिखाई दिए, लेकिन एक बार पिच पर जमने के बाद उन्होंने आक्रामक शॉट खेले।