Page Loader
RR बनाम DC: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा IPL करियर का 5वां अर्धशतक, जानिए आंकड़े 
यशस्वी जायसवाल ने DC के खिलाफ खेली शानदार पारी (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

RR बनाम DC: यशस्वी जायसवाल ने जड़ा IPL करियर का 5वां अर्धशतक, जानिए आंकड़े 

Apr 08, 2023
04:38 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 16वें सीजन के 11वें मैच में शनिवार को राजस्थान रॉयल्स (RR) के ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ शानदार अर्धशतक (60) जड़ा है। यह उनके IPL करियर का पांचवां अर्धशतक रहा। उन्होंने पहले विकेट के लिए अपने जोड़ीदार जोस बटलर के साथ पावरप्ले में 68 रनों की शानदार साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई । आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

जायसवाल ने की आक्रामक बल्लेबाजी 

DC की ओर से पहला ओवर फेंकने आए खलील अहमद की जायसवाल ने जमकर खबर ली और शुरुआती ओवर में 5 चौके लगाए। उन्होंने पॉवरप्ले का भरपूर फायदा उठाया और महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उम्दा बल्लेबाजी कर रहे जायसवाल 31 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और एक छक्का भी जड़ा। उन्हें मुकेश कुमार ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट कराया।

करियर 

कैसा रहा है जायसवाल का IPL करियर?

जायसवाल का अब तक का IPL करियर काफी प्रभावित करने वाला रहा है। उन्होंने 26 मैचों की 26 पारियों में 25.82 की औसत और 139 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 672 रन अपने नाम किए हैं। इस दौरान उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। IPL में 68 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा है। उन्होंने अपने करियर में अब तक 83 चौके और 24 छक्के भी जड़े हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में भी अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।

IPL 2023 

इस सीजन में जायसवाल ने लगाया दूसरा अर्धशतक 

जायसवाल का IPL 2023 में दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ पहले मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेली थी। उस मैच में उन्होंने 37 गेंदों में 54 रन की पारी खेली थी, जिसमें 9 चौके शामिल थे। इसके बाद अपने दूसरे मैच में वह कमाल नहीं कर सके थे और सस्ते में आउट हो गए थे। उन्होंने पंजाब किंग्स के विरुद्ध सिर्फ 11 रन बनाए थे।

जानकारी

RR बड़े स्कोर की ओर अग्रसर 

जायसवाल की जोरदार पारी के बाद RR बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है। RR ने 11 ओवरों के बाद 2 विकेट के नुकसान पर 107 रन बना लिए हैं। क्रीज पर बटलर (42) और रियान पराग (2) बने हुए हैं।