Loading...
जसप्रीत बुमराह पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी का खुलासा, कहा- RCB ने खरीदने से किया था इनकार 
जसप्रीत बुमराह RCB का हिस्सा बन सकते थे (फाइल तस्वीर)

जसप्रीत बुमराह पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी का खुलासा, कहा- RCB ने खरीदने से किया था इनकार 

Oct 09, 2026
06:45 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी पार्थिव पटेल ने खुलासा किया है कि उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को जसप्रीत बुमराह को खरीदने की सलाह दी थी, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। आकाश चोपड़ा के साथ एक साक्षात्कार में उन्होंने बताया कि 2014 की नीलामी के पहले दिन RCB द्वारा चुने जाने के बाद उन्होंने टीम से बुमराह को भी खरीदने का सुझाव दिया था। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने दूसरी राह चुनी।

बयान

पार्थिव ने क्या कहा?

पार्थिव ने कहा, "मैंने 2014 में RCB को बुमराह को खरीदने की सलाह दी थी। उस साल बड़ी नीलामी के पहले दिन दोपहर के भोजन के आसपास मुझे टीम ने खरीद लिया था। जब मुझे उनका संदेश मिला तो मैंने उनसे कहा कि यहां एक खिलाड़ी है उस पर गौर कीजिए। शायद मैंने अपनी बात सही तरीके से नहीं रखी। उन्हें उस समय नहीं लगा कि बुमराह को खरीदना फायदेमंद होगा। उनका जवाब था, 'ये बुमराह-वुमराह क्या कर लेंगे?' "

टीम

पार्थिव और बुमराह एक ही टीम के लिए खेलते थे 

पार्थिव और बुमराह गुजरात की एक ही टीम से खेलते थे। ऐसे में अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज को इस उभरते तेज गेंदबाज की काबिलियत का अंदाजा दूसरों के मुकाबले बेहतर था।

अगर RCB ने पार्थिव की सलाह मानकर बुमराह को खरीद लिया होता तो तस्वीर कुछ अलग हो सकती थी।

उस स्थिति में विराट कोहली और बुमराह जिन्हें आधुनिक भारतीय क्रिकेट में अपनी-अपनी भूमिका के 2 महानतम खिलाड़ियों में गिना जाता है, एक ही टीम का हिस्सा हो सकते थे।

ADVERTISEMENT

शामिल

मुंबई इंडियंस को हो गया फायदा 

मुंबई इंडियंस (MI) ने जसप्रीत बुमराह को अपनी टीम में शामिल किया। इसके बाद बुमराह और MI ने मिलकर 4 IPL खिताब जीते।

इस दौरान बुमराह ने खुद को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजों में स्थापित किया। IPL में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा।

वह इस टूर्नामेंट के सर्वकालीन महान खिलाड़ियों में शामिल हो चुके हैं। बुमराह ने अब तक 158 मैचों में 7.33 की इकॉनमी रेट से 187 विकेट अपने नाम किए हैं।

ADVERTISEMENT

कप्तान 

RCB का कप्तान बनने से रह गए थे पार्थिव 

पार्थिव RCB के कप्तान बनने वाले थे, इसको लेकर उन्होंने कहा, "मैंने इस बारे में कभी बात नहीं की, लेकिन मोईन अली ने इसका जिक्र किया था। मुझे बताया गया था कि अगले साल के लिए कप्तानी पर विचार किया जा रहा है और मैं तैयार रहूं। जिन लोगों (आशीष नेहरा और गैरी कर्स्टन) ने मुझे यह प्रस्ताव दिया उन्हें हटा दिया गया। नए कोच आए और उस पूरे सत्र में मुझे एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।"

ADVERTISEMENT