LOADING...
रणजी ट्रॉफी 2022: अपने डेब्यू मैच में यश ढुल ने लगाया शानदार शतक
यश ढुल

रणजी ट्रॉफी 2022: अपने डेब्यू मैच में यश ढुल ने लगाया शानदार शतक

Feb 17, 2022
05:21 pm

क्या है खबर?

अंडर-19 विश्व कप 2022 में भारत को चैंपियन बनाने वाले कप्तान यश ढुल ने रणजी ट्रॉफी में अपना शानदार डेब्यू किया है। उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ गुवाहटी में खेले जा रहे मुकाबले में पहले दिन शतक लगाया है। पहले दिन दिल्ली की ओर से पारी की शुरुआत करने आए ढुल ने प्रभावित किया और 133 गेंदों में अपना पहला शतक पूरा किया है। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।

पारी

ऐसी रही ढुल की पारी

ढुल ने 150 गेंदों में 113 रनों की पारी खेली। अपनी शतकीय पारी के दौरान उन्होंने 18 चौके लगाए। दिल्ली ने सात के स्कोर तक हिम्मत सिंह और ध्रुव शोरे के रूप में अपने दो विकेट गंवा दिए थे, तब ढुल ने तीसरे विकेट के लिए नितीश राणा के साथ 60 रन जोड़े। वहीं ढुल ने जोंटी सिद्धू के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 119 रन जोड़कर पारी को संभालने का प्रयास किया।

लिस्ट

इस एलीट लिस्ट में शामिल हुए ढुल

ढुल रणजी ट्रॉफी के डेब्यू में शतक लगाने वाले दिल्ली के आठवें बल्लेबाज बने हैं। दिल्ली से डेब्यू मैच में शतक लगाने वाले बल्लेबाज इस प्रकार से हैं: जेएन सेठ (179) 1949-50 में। रमेश सक्सेना (113*) 1960-61 में। मनु नय्यर (100*) 1986-87 में। आकाश चोपड़ा (150) 1997-98 में। मयंक तेहलान (176) 2005-06 में। मिलिंद कुमार (119) 2011-12 में। वैभव रावल (100*) 2012-13 में। यश ढुल (113) 2022 में।

Advertisement

लेखा-जोखा

ऐसा रहा पहले दिन का खेल

ढुल के शतक के बावजूद दिल्ली ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक सात विकेट खोकर 291 रन बना लिए हैं। पहले दिन जोंटी सिद्धू ने 179 गेंदों में 71 रनों की पारी खेली है। स्टम्प्स तक क्रीज पर ललित यादव (45*) और सिमरजीत सिंह बने (16*) हुए हैं। दूसरी तरफ तमिलनाडु से संदीप वारियर, बाबा अपराजित और मोहम्मद ने दो-दो विकेट लिए हैं। इनके अलावा कप्तान विजय शंकर ने एक विकेट लिया है।

Advertisement

विश्व कप

विश्व कप में ऐसा रहा था यश ढुल का प्रदर्शन

हाल ही में यश ढुल की अगुवाई में भारत ने फाइनल में इंग्लैंड को हराकर पांचवा अंडर-19 विश्व कप जीता था। उन्होंने वेस्टइंडीज में खेले गए विश्व कप में चार मैचों में 76.33 की औसत और 85.44 की स्ट्राइक रेट से 229 रन अपने नाम किए थे। इस बीच उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक भी लगाया था। यश विश्व कप में शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय कप्तान बने थे।

जानकारी

दिल्ली ने ढुल को अपने साथ शामिल किया

IPL 2022 की नीलामी में यश ढुल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपने साथ शामिल किया था। 20 लाख रुपये के बेस प्राइस वाले ढुल को DC ने 50 लाख रुपये खर्च करके अपने साथ जोड़ा था।

Advertisement