Page Loader
नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में जीता रजत पदक, जानिए उनके रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां
2 ओलंपिक पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी बने नीरज चोपड़ा (तस्वीर:@Neeraj_chopra1)

नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में जीता रजत पदक, जानिए उनके रिकॉर्ड्स और उपलब्धियां

Aug 09, 2024
01:45 am

क्या है खबर?

भारत के स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने फाइनल में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ जीता। इसके साथ ही टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज अपने स्वर्ण का बचाव नहीं कर सके। इस बीच नीरज के करियर की उपलब्धियों के बारे में जानते हैं।

ओलंपिक पदक

2 ओलंपिक पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हुए नीरज

नीरज अब ओलंपिक खेलों में भारत के लिए 2 पदक (व्यक्तिगत स्पर्धा में) जीतने वाले सिर्फ पांचवें खिलाड़ी बने हैं। एथलेटिक्स में उनसे पहले नॉर्मन प्रिचर्ड 2 रजत (पुरुषों की 200 मीटर और पुरुषों की 200 मीटर बाधा दौड़) जीत चुके हैं। कुश्ती में सुशील कुमार 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीत चुके हैं। बैडमिंटन में पीवी सिंधु 1 रजत और 1 कांस्य अपने नाम कर चुकी है, जबकि निशानेबाजी में मनु भाकर ने 2 कांस्य पदक जीते हैं।

अंडर-20 

अंडर-20 स्तर पर नीरज के नाम है विश्व रिकॉर्ड 

2016 में अंडर-20 स्तर पर विश्व चैंपियनशिप में नीरज ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और 86.48 मीटर के साथ जूनियर स्तर पर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। इससे पहले इस स्तर का विश्व रिकॉर्ड 84.69 मीटर ही था। उसी साल नीरज ने IAAF विश्व अंडर-20 चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। वह इस चैंपियनशिप में शीर्ष पर रहने वाले पहले भारतीय बने थे। उन्होंने ये सारी उपलब्धियां 18 साल की उम्र में हासिल की थीं।

एशियाई खेल 

एशियाई खेलों में भाला फेंक में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय हैं नीरज 

एशियाई खेलों के इतिहास में भारत ने पुरुषों के भाला फेंक में 2018 के पहले तक केवल एक ही पदक जीता था। 1982 में गुरतेज सिंह ने भारत को कांस्य दिलाया था। इसके बाद जकार्ता में हुए 2018 के एशियाई खेलों में नीरज ने 88.06 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण जीतते हुए इतिहास बनाया था। इसके बाद 2022 के हांग्जो एशियाई खेलों में भी उन्होंने अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता था।

जानकारी

ओलंपिक में एथलेटिक्स स्वर्ण जीतने वाले इकलौते भारतीय हैं नीरज 

टोक्यो खेलों में इतिहास रचने के बाद नीरज एथलेटिक्स में ओलंपिक स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। वह ओलंपिक इतिहास में व्यक्तिगत स्वर्ण जीतने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय बने थे। उनसे पहले अभिनव बिंद्रा ने निशानेबाजी में स्वर्ण जीता था।

डायमंड लीग 

डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय बने थे नीरज 

सितंबर 2022 में नीरज ने डायमंड लीग का खिताब जीतकर नया इतिहास लिख दिया था। उन्होंने स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 88.44 मीटर के थ्रो के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। हर प्रतियोगिता के साथ नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले नीरज डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। चेक गणराज्य के ओलंपिक रजत पदक विजेता जैकब वाडलेज 86.94 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शीर्ष पर रहकर इतिहास रच चुके हैं नीरज

2023 में हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित हुई विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज ने कमाल कर दिया था। वह इस चैंपियनशिप के 40 साल के इतिहास में पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे, जिन्होंने शीर्ष स्थान हासिल किया था। उन्होंने 88.17 मीटर का सबसे बेहतर थ्रो फेंका था और पहला स्थान प्राप्त किया था। पाकिस्तान के अरशद नदीम दूसरे स्थान पर रहे थे। उन्होंने 87.82 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास दर्ज कराया था।