Page Loader
विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप: नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पहली बार किसी भारतीय ने जीता स्वर्ण पदक 
नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया है (तस्वीर: X/@Neeraj_chopra1)

विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप: नीरज चोपड़ा ने रचा इतिहास, पहली बार किसी भारतीय ने जीता स्वर्ण पदक 

Aug 28, 2023
02:40 am

क्या है खबर?

हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित की जा रही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने कमाल कर दिया है। वह इस चैंपियनशिप के 40 साल के इतिहास में पहले भारतीय खिलाड़ी बने हैं, जिन्होंने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। पाकिस्तान के अरशद नदीम दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें रजत पदक मिला। चेक गणराज्य के जाकुब वेदलेच ने कांस्य पदक अपने नाम किया। आइए पूरी खबर पर नजर डालते हैं।

मुकाबला

नीरज ने ऐसे किया मुकाबला अपने नाम 

नीरज का पहला थ्रो फाउल हो गया था। इसके बाद उन्होंने दूसरा थ्रो 88.17 मीटर का फेंका और पहला स्थान प्राप्त कर लिया। उनका तीसरा प्रयास 86.32 मीटर, चौथा प्रयास 84.64 मीटर, पांचवा प्रयास 87.73 मीटर और आखिरी प्रयास 83.98 मीटर का था। नदीम नीरज को चुनौती देते नजर आ रहे थे, लेकिन वह सबसे ज्यादा दूर 87.82 मीटर का ही थ्रो फेंक पाए। टोक्यो ओलंपिक में भी नीरज स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए वीडियो

ओलंपिक

पेरिस ओलंपिक का टिकट भी प्राप्त कर चुके हैं नीरज 

नीरज फ्रांस की राजधानी पेरिस में होने वाले ओलंपिक 2024 में भी जगह बना चुके हैं। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने के लिए खेले गए मुकाबले में उन्होंने 88.77 मीटर दूर भाला फेंका था और पेरिस ओलंपिक में जगह बनाई थी। पेरिस ओलंपिक में जगह बनाने के लिए कम से कम 85.50 मीटर की दूरी हासिल करना जरूरी था। नीरज ने मैच के बाद कहा था कि वह 90 मीटर दूर भाला फेंकना चाह रहे थे।

स्कोर

पिछली बार जीता था रजत पदक 

रविवार की रात खेले गए मुकाबले में नीरज के साथ 2 अन्य खिलाड़ी डीपी मनु और किशोर जेना भी थे। किशोर पांचवें और मनु छठे स्थान पर रहे। नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पिछले सीजन में रजत पदक जीता था। उन्होंने प्रतियोगिता में 88.39 मीटर दूर भाला फेंका था। उन्होंने मेडल के लिए भारत के 19 साल के लंबे इंतजार को समाप्त कर दिया था। उनसे पहले अंजू बॉबी जॉर्ज ने साल 2003 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

रिकॉर्ड

नीरज के नाम है ये बड़े रिकॉर्ड 

नीरज अब विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के अलावा साल 2022 के ओलंपिक, 2022 के डायमंड लीग, साल 2018 के एशियाई खेल और साल 2018 के राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। इसके साथ ही उन्हें ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार, साल 2018 में अर्जुन अवार्ड और साल 2022 में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। नीरज एशियन गेम्स में भारत के पहले भाला फेंक खिलाड़ी थे, जिन्होंने स्वर्ण पदक जीता था।