Page Loader
IPL: महेंद्र सिंह धोनी के ऐसे रिकॉर्ड्स, जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे 
IPL के सबसे सफल कप्तानों में शुमार रहे हैं महेंद्र सिंह धोनी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: महेंद्र सिंह धोनी के ऐसे रिकॉर्ड्स, जिसके बारे में आप शायद ही जानते होंगे 

Apr 12, 2024
07:15 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) इतिहास में जब सबसे सफल कप्तानों का जिक्र होगा, तब महेंद्र सिंह धोनी ने नाम पर निश्चित तौर पर चर्चा होगी। उनके नेतृत्व में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने 5 बार खिताब जीता है। कप्तानी के अलावा बल्लेबाजी में भी उन्होंने कमाल किया है और कई रिकॉर्ड्स अपने नाम किए हैं। इस बीच धोनी के उन रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं, जिसकी कम ही चर्चा होती है।

उम्रदराज 

IPL में खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज भारतीय 

IPL 2024 में CSK ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था, जिसमें धोनी के नाम एक रिकॉर्ड दर्ज हो गया था। वह 42 साल और 259 दिन की उम्र में लीग में मुकाबला खेलने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज भारतीय बन गए थे। CSK के पूर्व कप्तान अब केवल प्रवीण तांबे से पीछे हैं, जिन्होंने 2016 में 44 साल और 219 दिन की उम्र में अपना आखिरी मैच खेला था।

कप्तान

लीग में सबसे उम्रदराज कप्तान रहे हैं धोनी 

पिछले साल धोनी IPL में किसी टीम का नेतृत्व करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए थे। उन्होंने शेन वॉर्न का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा था, जिन्होंने 41 साल और 249 दिन की उम्र में आखिरी बार IPL 2011 में राजस्थान रॉयल्स (RR) की कप्तानी की थी। गौरतलब हो कि धोनी ने 41 साल और 267 दिन की उम्र में IPL 2023 में कप्तानी करते हुए ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था।

कप्तानी

बतौर कप्तान सर्वाधिक छक्के  

धोनी के नाम IPL में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। वह इस मामले में 200 से अधिक छक्के लगाने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं। धोनी ने CSK के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स का भी नेतृत्व किया था और बतौर कप्तान 218 छक्के लगाए थे । RCB के पूर्व कप्तान विराट कोहली कुल 168 छक्कों के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं।

छक्के

20वें ओवर में सर्वाधिक छक्के 

धोनी कुशल मैच फिनिशर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी इस भूमिका के लिए विख्यात धोनी ने IPL में भी कमाल किया है। IPL में डेथ ओवर्स में उनके नाम सर्वाधिक रन (सिर्फ 305 गेंदों पर 736 रन) का रिकॉर्ड है। 20वें ओवर में उनका स्ट्राइक रेट 241.31 हो गया। वह 20वें ओवर में 50 से अधिक छक्कों वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। उन्होंने 20वें ओवर में अब तक 61 छक्के लगा लिए हैं।